भोपाल अकादमी ने किया उलटफेर
ग्वालियर| रेलवेहॉकी स्टेडियम पर आयोजित शहीद भगत सिंह अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में मप्र राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल ने बड़ा उलटफेर कर दिया। उन्होंने गुरुवार को खेले एक रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन पीसीटीसी बेंगलुरू को 6-3 से हराकर यह उलटफेर किया। दिन के अन्य मुकाबलों में साई बरेली और आईसीएफ चेन्नई ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। पुरुष वर्ग की इस प्रतियोगिता में दिन के पहले मुकाबले में आईसीएफ चेन्नई और गत उपविजेता एएफसी बेंगलुरू की टीम आमने-सामने हुईं। कांटे के इस मुकाबले में दोनों टीमें अंतिम समय तक 5-5 के स्कोर पर छूटी। इसके बाद मैच के निर्णय के लिए पेनाल्टी शूटआउट हुआ, जिसमें चेन्नई ने 9-7 के अंतर से मैच जीत लिया।