ग्वालियर. ग्वालियर संभाग से उत्तरप्रदेश और दिल्ली की ओर जाने वाली 41 बसें 27 दिन बाद भी संचालित नहीं हो सकीं। इन बसों के पंजीयन बस आॅपरेटर सरेंडर कर चुके हैं। इस बारे में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की जा चुकी है। मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश के बीच परिवहन एग्रीमेंट के तहत स्थायी परमिट दिए जाने का ही प्रावधान है, लेकिन राज्य परिवहन निगम की बसों को। रापनि मप्र में बंद कर दिया गया है। इसी आधार पर आगरा दिल्ली की ओर जाने वाली बसों के अस्थायी परमिट बंद कर दिए गए हैं। जबकि झांसी की ओर अस्थायी परमिट दिए जा रहे हैं।
दोनों राज्यों के बीच एग्रीमेंट में अस्थायी परमिट के प्रावधान के लिए फरवरी 2012 में अधिसूचना जारी की जा चुकी है लेकिन ढाई वर्ष बाद भी इसे एग्रीमेंट में शामिल नहीं किया जा सका। मामले में हाईकोर्ट ने भी लगभग छह माह पूर्व एक माह में विवाद का निराकरण करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए थे लेकिन अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।