पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हॉकी अकादमी भोपाल का मास्टर कप पर कब्जा

हॉकी अकादमी भोपाल का मास्टर कप पर कब्जा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहीद भगत सिंह अखिल भारतीय मास्टर कप हॉकी प्रतियोगिता में मप्र राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल की टीम चैंपियन बनी। उन्होंने शनिवार को खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में साउथ सेंट्रल रेलवे सिकंदराबाद को 3-2 से शिकस्त देकर विजयी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का समापन जीडीए के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश जादौन ने विजेता टीम को 31 हजार और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए के नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी देकर किया।

अध्यक्षता भाजपा नेता मुकेश शर्मा ने की, जबकि नरेश अग्रवाल, डीएसपी ट्रैफिक अजय त्रिपाठी और जिला हॉकी संघ के सचिव सीताराम शर्मा विशिष्ट अतिथि बतौर मौजूद रहे। रेलवे हॉकी स्टेडियम पर खेली गई इस प्रतियोगिता के फाइनल में शनिवार काे भोपाल और सिकंदराबाद टीम के बीच अच्छी हॉकी देखने को मिली। मैच के पहले हाफ में ही भोपाल ने 2-0 की बढ़त बना ली थी। मध्यांतर पश्चात साउथ सेंट्रल रेलवे की टीम ने एक बार फिर नए जोश के साथ बढ़त के अंतर को खत्म करने के लिए खेलती नजर आई। हालांकि इसके बाद हुआ भी ऐसा ही। उन्होंने दो गोल ठोककर स्कोर को बराबर कर दिया। अंतिम समय में भोपाल के सरताज खान ने शानदार गोलकर टीम को फिर से आगे कर दिया। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ।

इसी स्कोर पर लंबी सीटी बज गई और मैच ट्रॉफी भोपाल के पाले में चली गई। विजयी टीम से सत्तार खान ने 12वें और विकास ने 49 वें मिनट में एक-एक गोल किया, जबकि सिकंदराबाद के लिए जनार्दन गुप्ता 39वें मिनट में और अनिल 42 वें मिनट में गोल करने में सफल रहे। मैच के समापन अवसर पर मुरैना सांसद अनूप मिश्रा ने मास्टर हॉकी अकादमी के उत्थान के लिए एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की। सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत यदुनाथ सिंह तोमर और राजेंद्र शर्मा ने किया।