- Hindi News
- कंपू हॉकर्स जोन में खड़े होंगे ठेले, तीन दिन की मोहलत
कंपू हॉकर्स जोन में खड़े होंगे ठेले, तीन दिन की मोहलत
शिंदे की छावनी के बाद अब कंपू क्षेत्र में रोड किनारे खड़े होने वाले ठेला कारोबारियों को भी हॉकर्स जोन में ही व्यवसाय करना होगा। इसके लिए नगर निगम ने उन्हें तीन दिन की मोहलत दी है। इस बीच हॉकर्स जोन को व्यवस्थित किया जाएगा। शहर में ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ाने के लिए निगम ने शनिवार को सड़कें घेरकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। निगम के मदाखलत अमले ने माधौगंज, लक्कड़खाना, मामा का बाजार में सड़क घेरकर खड़े हाथ ठेलों, गुमटियों दुकानदारों को हटाकर सामान को जब्त कर लिया।
ट्रैफिक की रफ्तार में बाधक बन रहे अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ दैनिक भास्कर ने समाधान मिलजुलकर सीरीज की शुरुआत की। ट्रैफिक को लेकर लोगों की पीड़ा भी दैनिक भास्कर को लगातार मिल रही है।
शनिवार को मदाखलत प्रभारी उत्तम जखेनिया, निरीक्षक प्रवीण भार्गव, आजाद खान अमले को लेकर माधौगंज स्थित शासकीय प्रेस के पास पहुंचे। यहां दुकानदारों ने अपना सामान सड़क तक फैला रखा था। इससे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हो रही थी। मदाखलत अमले ने सड़क पर रखा सामान जब्त कर लिया। उधर पुराने माधौगंज में फल, सब्जी अन्य सामान के हाथ ठेले सड़क किनारे खड़े होकर ट्रैफिक जाम कर रहे थे। इन ठेलों की वजह से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। मदाखलत अमले ने हाथ ठेला व्यवसायियों को कंपू हॉकर्स जोन में ठेला लगाने का आदेश दिया। इसके लिए उन्होंने तीन दिन की मोहलत दी।
ओए सामान हटा, पीछे
मदाखलत रही है
मदाखलतअमले की कार्रवाई की भनक माधौगंज, लक्कड़खाना मामा का बाजार क्षेत्र में तुरंत फैल गई। मदाखलत के बाजारों में पहुंचने से पहले एक युवक एक्टिवा पर वहां पहुंचा और चिल्लाने लगा- ओए, सामान हटा पीछे मदाखलत रही है।
हॉकर्सजोन में लगा टीनशेड: कंपूस्थित दोनों हॉकर्स जोन में टीनशेड टॉयलेट बनाने का काम किया जा रहा है। एक हॉकर्स जोन में टीनशेड का काम लगभग पूरा हो चुका है। एक सप्ताह में टॉयलेट का काम भी हो जाएगा।
इंफ्रा रिपोर्टर|ग्वालियर
girishreporter@rediffmail.com
माधौगंज क्षेत्र में कार्रवाई करने पहुंचा मदाखलत अमला।