ग्वालियर. वेलेंटाइन वीक के पहले दिन ट्रैफिक पुलिस और एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ संस्था ने हेलमेट लगाने वाले चालकों को फूल दिया। रोज डे पर इन्होंने वाहन चालकों को गुलाब देते हुए कहा कि आप अपने जीवन से प्रेम करते हो। आपने हेलमेट लगाया है। इसलिए आपको वेलेंटाइन वीक के पहले दिन फूल देकर सम्मानित किया जा रहा है।
पुलिस ने पिछले दिनों हेलमेट लगवाने के लिए अभियान चलाया था। इसमें हेलमेट लगाने वाले लोगों से जुर्माना वसूल किया गया था। अभी भी शहर के प्रमुख चौराहों पर हेलमेट नहीं लगाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करती है। लेकिन वेलेंटाइन वीक के पहले दिन पुलिस ने हेलमेट लगाने वालों को सम्मानित किया।
फूलबाग चौराहे पर एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ के संजय कट्ठल शनिवार को गुलाब के फूल लेकर पहुंचे। इन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ हेलमेट लगाने वाले वाहन चालकों को रोकना शुरू किया। वाहन चालक पुलिस को देखकर हड़बड़ाए कि हेलमेट तो लगाया है फिर क्यों पुलिस रोक रही है।