- Hindi News
- बाजारों में पार्किंग के साथ मिलें जनसुविधाएं
बाजारों में पार्किंग के साथ मिलें जनसुविधाएं
महानगरके बाजारों में सड़क पर खड़े होने वाले ठेला व्यवसायियों पर अंकुश लगाया जाए। फुटपाथों सड़कों से ठेले हटाकर वहां पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए। अतिक्रमण विरोधी मुहिम के दौरान तंग बाजारों की रोड चौड़ी करने के लिए किनारे की संपत्तियां तोड़ी गई थीं। लेकिन इसका लाभ ट्रैफिक को नहीं मिला। सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के बाद ऐसी जगहों पर ठेला फुटपाथ व्यवसायियों का कब्जा हो गया। नया बाजार, दाल बाजार, लोहिया बाजार जैसे पुराने बाजारों में व्यवस्थित पार्किंग और सुलभ कॉम्पलेक्स की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण ट्रैफिक जाम हो रहा है। आवासीय क्षेत्रों में भैंस डेयरियां गंदगी फैला रही हैं, तो आवारा पशु दुर्घटना का सबब बन रहे हैं। आस-पास के आवासीय क्षेत्रों में सीवर लाइनें चोक होने के कारण गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। कुछ गलियों में स्ट्रीट लाइट बंद हैं, तो कहीं सड़कें बहुत पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। इन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से होना चाहिये। यह बात स्मार्ट वार्ड-स्मार्ट सिटी अभियान के तहत रविवार को नया बाजार स्थित रेडियेंट पब्लिक स्कूल में आयोजित रू-ब-रू कार्यक्रम में वार्ड 45,46 आैर 57 के नागरिकों ने रखी।
नया बाजार स्थित रेडियेंट पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित रू-ब-रू कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों ने स्मार्ट वार्ड और स्मार्ट सिटी कैसे बने, इस पर सुझाव दिए।