- Hindi News
- अब पुलिस के टारगेट पर शेरा के 3 साथी और 6 मददगार
अब पुलिस के टारगेट पर शेरा के 3 साथी और 6 मददगार
साथियों को पकड़ने आगरा और धौलपुर में दबिश
ग्वालियर-चंबल अंचल में आतंक फैलाने वाले शेरा किरार को मारने के बाद पुलिस अब इसके पूरे गिरोह को गिरफ्त में लेने की कोशिश में जुट गई है। गिरोह के तीन साथियों के बारे में पुलिस को पता चला है, जो मुरैना की ताबड़तोड़ वारदात करने के दौरान शेरा के साथ थे। इनकी तलाश में आगरा और धौलपुर में दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस शेरा के छह मददगारों को भी तलाश रही है, जिन्होंने ग्वालियर और मुरैना में वारदात के बाद शेरा को शरण दी थी।
शेरा की तलाश में पिछले एक सप्ताह से शहर की पुलिस परेशान थी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शेरा को मार गिराने के बाद राहत की सांस ली। शनिवार को पुलिस इसके तीन साथियों की तलाश मुरैना से लेकर आगरा और धौलपुर तक करती रही। पुलिस से जुड़े सूत्र बताते हैं कि बदमाशों का एक साथी पुलिस की गिरफ्त में है। इससे सिपाही वीकेश गुर्जर की पिस्टल और लूट की कुछ वारदात के माल के बारे में पूछताछ की जा रही है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार इसके कब्जे से जल्द ही पिस्टल मिल सकती है। वहीं शेरा को आखिरी बार आश्रय देने वाले भी पुलिस की हिरासत में हैं।
शेरा का शव परिजन को सौंपा तीसहजार के इनामी शेरा के शव को पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को उसके पिता रामप्रकाश किरार और चाचा हरिसिंह को सौंप दिया गया। इसके चाचा का कहना था कि उन्होंने शेरा को बहुत समझाया कि यह रास्ता खराब है लेकिन वह नहीं माना। अगर वह हमारी बात मान लेता तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।
अब पुलिस की जनता से अपेक्षा
जनताको खौफ में डालने वाले शेरा को मारने के बाद पुलिस की भी जनता से अपेक्षाएं हैं ताकि शेरा जैसा बदमाश फिर समाज में सिर उठा सके। शेरा के खात्मे के बाद पुलिस अफसरों से मिलने शहर के गणमान्य लोग पहुंचे तो यह अपेक्षाएं सामने आईं।
>पुलिस तो अपना काम करती है लेकिन जनता को भी अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क होना पड़ेगा। इस तरह के बदमाश जनता के बीच वारदात करते हैं तो चुपचाप देखने के बजाय कम से कम छतों से इन पर पत्थर तो फेंके जा सकते हैं।
>व्यावसायिक संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने चाहिए। कैमरों को देखकर बदमाश वारदात करने से हिचकते हैं और करते हैं तो पकड़े जाते हैं।
>संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।