शिवपुरी. कोलारस व बदरवास के बीच रेलवे पटरी पर किलोमीटर 1154 की पुलिया के नीचे गड्ढे में गुरुवार की सुबह एक युवती की जली हुई लाश चाबीमैन ने देखी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन घटनास्थल को पुलिस 6 घंटे तक उलझी रही और बाद में पटवारी ने नक्शा देखकर कोलारस पुलिस को यह केस सौंप दिया। गुना से एफएसएल टीम व शिवपुरी से स्निफर डॉग भी मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस को कोई दिशा फिलहाल नहीं मिली।
ऐसा मिला घटनास्थल : रेलवे पटरी के नीचे पुलिया के सूखे गड्ढे में एक युवती का चेहरा, एवं पैर तक जला हुआ शव मिला। शरीर में केवल घुटनों के नीचे का हिस्सा जलने से रह गया। मृतका की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतका को उसके कपड़ों में ही लपेटकर जलाया गया। युवती की हत्या सिर पर पत्थर पटक कर की गई, क्योंकि पास में ही खून से सना पत्थर िमला है।
पास में ही एक बोतल भी पड़ी थी, जिसमें संभवत: आग लगाने के लिए हत्यारे पेट्रोल या केरोसिन लाए थे। वहीं इस मामले में कोलारस एस़़डीओपी चंद्र कुमार आर्य का कहना है कि पटवारी तो पंचनामा बनाने आया था। उसे सीमा विवाद के लिए नहीं बुलाया गया था।