मुरैना. सिलायथा गांव की पीडीएस दुकान पर गुरुवार को घोटाले की जांच करने पहुंचे नायब तहसीलदार और पटवारी को दुकान प्रबंधक ने पटक-पटककर पीटा। हमलावरों ने नायब तहसीलदार व पटवारी को जान से मारने की धमकी दी और रिकार्ड छीन लिया। पटवारी ने आरोप लगाया कि जिस समय मारपीट हो रही थी, उस समय जौरा खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
वे राशन दुकान के प्रबंधक का पक्ष ले रहे थे। जौरा के नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता व पटवारी देवेंद्र सिंह कंट्रोल दुकान पर जून महीने में हुई 3.16 लाख रुपए की गड़बड़ी की जांच करने पहुंचे थे। जैसे की कंट्रोल दुकान पर नायब तहसीलदार और पटवारी ने जांच शुरू की तो प्रबंधक पदम सिंह उर्फ भुक्कन ने उन पर हमला कर दिया।
व नायब तहसीलदार व पटवारी को डंडों से पीटा, उसके बाद जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद नायब तहसीलदार व पटवारी सिविल लाइन थाने पहुंचे। यहां से पुलिस के साथ सिलायथा गांव गए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी फरार हैं।