पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

क्लास में बजाई टेबल तो मिली सजा... और बन गया गायक, मिला सम्मान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. बात स्कूल के दिनों की है, मैं मैट्रिक में था। क्लास में बैठा टेबल बजा रहा था, अचानक से टीचर क्लास में आए और मुझसे पूछा तुम क्या कर रहे हो। मैंने कहा सर मैं गाना गा रहा था। उन्होंने आश्चर्य से पूछा क्या...तुमको गाना गाना आता है। मैंने हां में सिर हिलाया। मेरी बात को सुनकर वो कुछ नाराज हो गए।
उन्होंने क्लास में ही मुझसे गाने को कहा। मैंने एक साथ तीन गाने गाकर सुनाए। मरी गायकी से प्रभावित होेकर टीचर , मेरे पिताजी से मिले और कहा कि आप अपने बेटे को संगीत की शिक्षा दें, वह एक अच्छा संगीतज्ञ बनेगा। उसके बाद पिताजी ने मुझे गोवा से मुंबई संगीत की शिक्षा के लिए भेजा।
अपने संगीत के सफर की शुरुआत को शेयर किया पंडित प्रभाकर कारेकर ने। पं. कारेकर को 12 दिसंबर से शुरू हो रहे चार दिवसीय समारोह के पहले दिन (शुक्रवार) को तानसेन अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। वे गुरुवार को तानसेन समाधि जाएंगे।
रियाज सिर्फ मेरी पत्नी सुनती है
संगीत के प्रति मेरी पत्नी प्रतिभा में उतनी ही श्रृद्धा है जितनी मेरी रियाज के प्रति। यही वजह है कि कई प्रोग्राम में मेरी पत्नी मुझे लाइव सुनती है और रियाज को कभी मिस नहीं करती।
श्रोता परखते हैं कसौटी पर
प्रश्न: पहली बार ग्वालियर में प्रस्तुति का अनुभव कैसा रहा ?

मैं पहली बार ग्वालियर 1981 में तानसेन समारोह में आया। तब पूरी रात की सभाएं होती थीं। जब मेरी प्रस्तुति हुई तो मैंने राग भोपाली से शुरुआत की। संगीत की उस सभा में बैठे श्रोताओं ने मुझे परखने के लिए राग अड़ाना और मालकोश में कुछ प्रस्तुत करने को कहा। संगीत की नगरी में मेरी हुई ली गई इस परीक्षा मैं सफल रहा।
प्रश्न: संगीत की प्रारंभिक शिक्षा किसने दी।
घर में संगीत का माहौल मिला, पिताजी (जनार्दन कारेकर) शास्त्रीय संगीत में भजन गाते थे। इसलिए प्रारंभिक शिक्षा पिताजी के संरक्षण में गोवा में पूरी की।
प्रश्न: आपने राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति देना कब से शुरू किया।
मैंने 1975 से 1980 के दौरान कई छोटे और बड़े प्रोग्राम किए, लेकिन 1980 में पूना में होने वाले सवाई गंधर्व भीमसेन महोत्सव से मुझे राष्ट्रीय स्तर की पहचान मिली। इस महोत्सव के दौरान मैंने पंडित भीमसेन जोशी, कुमार गंधर्व जैसे बड़े गायक कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी। इसके बाद देश और विदेश की कई यात्राएं की।
प्रश्न: तानसेन समारोह में प्रस्तुति को लेकर कोई खास तैयारी है।
शास्त्रीय संगीत गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित है। इसलिए मेरी प्रस्तुति खास ही होगी। इस प्रस्तुति में मेरे साथ संगत मेरा शिष्य संदेश खेड़कर करेगा।
प्रश्न: यहां के युवा कलाकारों के संबंध में आपकी क्या प्लानिंग है?
ग्वालियर से मेरा जुड़ाव काफी रहा है। मैंने यहां के कलाकारों को काफी नजदीक से सुना है। इस शहर में मुझे इतना बड़े सम्मान के लिए चुना है, इसलिए मैं यहां का कर्जदार हूं। इसलिए मैंने भी प्रण लिया है कि यहां के युवा कलाकारों को गुरु-शिष्य परंपरा से संगीत की शिक्षा दूंगा।