पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Can Not Stop The Supply Of Cylinder March 31

31 मार्च तक नहीं रोक सकते सिलेंडर की सप्लाई, कलेक्टर बोले-ग्राहक परेशान तो लूंगा एक्शन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. लास्ट डेट से पहले ही एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने से सवा लाख ग्राहक परेशान हैं। तेल कंपनियों की मनमानी पर जब शहर में हल्ला मचने लगा तो सोमवार को आपात बैठक बुलाई गई। इसमें कलेक्टर ने दो टूक कहा कि 20 फरवरी तक खाता लिंक कराने की अपील की गई है। वे इस काम में मदद भी कर रहे हैं।
इससे पहले सप्लाई क्यों रोक दी गई। यदि 31 मार्च से पहले सप्लाई रोकी तो दोषी अफसर-एजेंसी पर एक्शन लूंगा। तेल कंपनियों के रवैये से नाखुश कलेक्टर कुछ ही देर बाद बैठक से उठकर चले गए। बाद में कुछ देर जिला पंचायत सीईओ इलैया राजा टी ने बातचीत की।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने खाता लिंक कराने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। तेल कंपनियों के आग्रह पर कलेक्टर पी नरहरि इस काम को 20 फरवरी तक निपटाना चाहते हैं। दूसरी तरफ तेल कंपनियों ने प्रशासन का साथ मिलते ही उत्साह में ऐसे सवा लाख ग्राहकों की एलपीजी सप्लाई 10 दिन से रोक रखी है जिन्होंने खाते लिंक नहीं कराए हैं। दो दिन से इसको लेकर जब हल्ला मचना चालू हुआ तो आनन फानन में सोमवार को बैठक बुलाई गई।
ये बैठक कितनी जल्दबाजी में बुलाई गई, इसका अंदाज इसी से लगता है कि गैस डिस्ट्रीब्यूटरों को बैठक की सूचना बैठक चालू होने के बाद दी गई। कलेक्टोरेट में दोपहर 12.30 बजे हुई इस बैठक में गैस डिस्ट्रीब्यूटरों ने भी बैंक व तेल कंपनियों पर मनमानी के आरोप लगाए। अब देखना है कि तेल कंपनियों की मनमानी रुकती है या नहीं।
जानिए क्यों आ रही है दिक्कत
तेल कंपनियों ने पिछले दस दिन से एजेंसियों को सब्सिडी वाले सिलेंडरों की सप्लाई बंद कर रखी है। एजेंसियों पर मौजूद सिलेंडर की सप्लाई भी न करने के मौखिक निर्देश हैं। इसी कारण इन दिनों सिलेंडरों की सप्लाई नहीं हो पा रही है।
बैठक में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप
1 जिला पंचायत सीईओ इलैया राजा टी ने पूछा कि पिछले 20 दिन में 61 हजार ग्राहक कम कैसे हो गए। तेल कंपनियों ने सफाई दी कि 180 दिन में बुकिंग न होने पर ऐसा होता है।
2 एक गैस डिस्ट्रीब्यूटर ने कहा 462 वाले (सब्सिडी) सिलेंडर की सप्लाई क्यों रोक दी। तेल कंपनी को अधिकार नहीं है। ग्राहक परेशान हो रहे हैं। इंडेन के अफसर ने कहा कि यदि ऐसा नहीं करेंगे तो कोई खाता लिंक नहीं कराएगा।
3 श्री राधे इंडेन एजेंसी के संचालक ने कहा कि ग्राहक आधार-बैंक खाता दे चुका है पर लिंक नहीं हुआ है। वह रिलीविंग लेकर आ जाता है। बैंक काम नहीं कर रहे हैं। लीड बैंक अफसर ने कहा- हां कुछ परेशानियां तो हैं।
4 बैठक के बाद कुछ एजेंसी संचालकों ने जब डीबीटीएल के गार्जियन अमरजीत सिंह से बात की तो उन्होंने भी स्वीकार लिया कि कुछ दिक्कतें आ रही हैं।
5 तेल कंपनी व बैंक के अफसर ने कहा कि यदि बैंकों से परेशानी है तो वह प्रूफ दें। इस पर एजेंसी संचालकों ने कहा कि ग्राहक कुछ नहीं समझता। परेशानी से उसमें गुस्सा है।

ऐसा क्यों कर रही हैं तेल कंपनियां
तेल कंपनियों के अफसर वाहवाही लूटने के लिए डीबीटीएल का काम 31 मार्च से पहले पूरा करना चाहते हैं। खाता लिंक कराने में ग्वालियर जबलपुर से पीछे व इंदौर से आगे है। अफसरों का मानना है कि जब सप्लाई ही नहीं होगी, ग्राहक परेशान होंगे तब खाता लिंक कराने का टारगेट पूरा होगा।
यदि आप परेशान हैं तो इनसे कर सकते हैं संपर्क
- बीपीसी-जेनिस जे रक्कल-76788-12075
- एचपीसी-ऋषि कुमार-91655-22966
- आईओसी-विक्रम प्रताप सिंह-94253-00522) व मयंक शिवहरे-94250-13766
- डीबीटीएल के गार्जियन-अमरजीत सिंह- 070241-28911
- किसी भी कंपनी के ग्राहक, टोल फ्री नंबर: 155233, 18002333555 या फिर 18602332222 पर।
नोट- यदि अफसरों के फोन न उठें तो इंडेन ग्राहक क्षेत्रीय कार्यालय, सेकंड फ्लोर, बहादुरा रेजीडेंसी इनकम टैक्स दफ्तर के पास पहुंचकर अपनी शिकायत कर सकते हैं।