ग्वालियर. शहर भर में चल रही चेकिंग के बीच बाइक सवार दो बदमाश उपनगर ग्वालियर के तानसेन नगर से किराना स्टोर संचालिका की साेने की चेन लूट ले गए। बदमाशों ने किराना स्टोर संचालिका से 3 रुपए की सिगरेट मांगी और दस का नोट दिया। संचालिका इनके रुपए वापस करने के लिए गल्ले की ओर झुकी तभी इन्होंने झपट्टा मारकर चेन छीन ली और भाग गए।
घटना शाम करीब छह बजे की है। पुलिस ने हुलिए के आधार पर बदमाशों को तलाश किया। लेकिन इनका सुराग नहीं मिला। जबकि इस समय शहर में सीरियल किलर शेरा किरार की तलाश में जबरदस्त चेकिंग चल रही है।
उपनगर ग्वालियर के तानसेन नगर में नीना शिवहरे का तनु किराना स्टोर है। शाम को नीना दुकान पर अकेली बैठीं थीं। इनके पति दुकान का सामान लेने के लिए बाजार गए थे। तभी बाइक से दो युवक आए। इनमें से एक दुकान से कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा रहा। जबकि दूसरा युवक दुकान पर आ गया।
इसने दस रुपए देकर तीन रुपए वाली सिगरेट मांगी। नीना ने सिगरेट दे दी। इसके बाद गल्ले से रुपए निकालने के लिए झुकीं। बदमाश ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और बाइक पर बैठकर भाग गया। सोने की चेन छह ग्राम वजन की थी। महिला ने शोर मचाया, लोग इकट्ठे भी हुए, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुका था।