ग्वालियर. एमएलबी कॉलेज के विधि अध्ययन संस्थान में जूनियर छात्रों के साथ मारपीट करने वाले तीन छात्रों को कॉलेज प्रशासन ने शनिवार को सस्पेंड कर दिया। सीनियर छात्रों ने कॉलेज में यह कहते हुए प्रदर्शन किया कि कॉलेज प्रशासन ने उनकी बात सुने बिना एकतरफा कार्रवाई की है, जो गलत है। वहीं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सौरव शर्मा ने इस मामले की विभागीय जांच कराने की मांग की है।
एलएलबी पहले सेमेस्टर के छात्र विवेक सूर्यवंशी व अन्य जूनियर छात्रों से शुक्रवार को क्लास में आकर सीनियर छात्र संतोष पाठक, केके तिवारी, विशाल सेठिया, रोहित गुर्जर, अभिनव चौधरी नाम, पता व
मोबाइल नंबर पूछने लगे। इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक शनिवार को हुई जिसमें जूनियर के साथ मारपीट करने के आरोपी छात्र रोहित गुर्जर, विकास सेठिया, अभिनव चौधरी को सस्पेंड कर दिया गया।
उक्त छात्रों के साथ ही संतोष पाठक, केके तिवारी व अनिल दुबे के खिलाफ कंपू थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में दोनों पक्षों के छात्रों के अभिभावकों को 30 सितंबर को कॉलेज बुलाया गया है। उधर जूनियर्स को न्याय दिलाने के लिए और कॉलेज में रैगिंग रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए एडवोकेट विभाेर साहू व आशीष सिंह ने मानवाधिकार आयोग, पुलिस महानिरीक्षक, जेयू की कुलपति, कलेक्टर को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि यदि जूनियर छात्रों को न्याय नहीं मिला तो वह न्यायालय की शरण में जाएंगे।
(सीनियर छात्रों को समझाइश देते प्राचार्य।)