कैलारस। मुरैना जिले के कैलारस की अयोध्या बस्ती में रविवार की सुबह 11 केवी का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। देखते ही देखते 25 घरों में करंट दौड़ने से एक युवक की मौत हो गई। करंट से झुलसे दो और लोगों का कैलारस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जौरा क्षेत्र के हड़बांसी गांव में रहने वाला सूरज पुत्र मुरारी लाल शाक्य शनिवार की रात कैलारस अयोध्या बस्ती में निवास करने वाले अपने मामा के घर आया था। क्योंकि अगले दिन उसे सबलगढ़ अपनी शादी के संबंध में बात पक्की करने जाना था। रविवार सुबह छह बजे सूरज जब कमरे से बाहर
मोबाइल पर बात कर रहा था तभी अयोध्या बस्ती में लगी डीपी में फॉल्ट होने से बिजली का तार टूटकर गली में गिर गया।
करंट लगने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने से राधा पुत्री मौजीराम जाटव व इंसास पुत्र अस्सो खां भी झुलसकर गिर पड़े। इस दौरान अयोध्या बस्ती में काफी देर तक चीख-पुकार के अलावा अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय पार्षद नंदकिशोर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।