पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आज सरकारी अस्पतालों में नहीं होगा इलाज, जिले के 125 डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर. सरकारी अस्पतालों में शुक्रवार को डॉक्टर सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। सिवनी में डॉक्टर और नर्स के खिलाफ 304 ए के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में चिकित्सा अधिकारी संघ के आह्वान पर जिलाध्यक्ष डॉ. गजराज सिंह गुर्जर ने इस संबंध में डॉ. अनूप कम्ठान व सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार गुप्ता को गुरुवार को सूचना दे दी।

सिवनी में जहर खाकर आई एक महिला की मौत के बाद लोगों ने हंगामा किया था, जिसके बाद वहां पदस्थ डॉक्टर और नर्स के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। इस घटना के विरोध में प्रदेश भर के चिकित्सा अधिकारियों ने सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा कर दी। इस मामले में गुरुवार को भोपाल में चिकित्सा अधिकारियों ने प्रमुख सचिव प्रवीण कृष्ण के साथ बैठक की, जो बेनतीजा रही। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी संघ ने प्रदेशव्यापी सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा कर दी। इसके मद्देनजर चिकित्सा अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. गुर्जर की अध्यक्षता में गुरुवार को चिकित्सा अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में चिकित्सा अधिकारियों ने सामूहिक अवकाश पर जाने का फैसला लिया। जेएएच में मिलेगा इलाज: जेएएच के डॉक्टर चिकित्सा शिक्षा विभाग के हैं, लिहाजा वे काम पर रहेंगे।

काम पर रह सकते हैं कुछ डॉक्टर
आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं पंकज अग्रवाल के आदेश के बाद चिकित्सा अधिकारियों में खलबली है। कुछ चिकित्सा अधिकारी तो काम पर आने की बात कह रहे हैं। हालांकि, संघ का कहना है कि सभी डॉक्टर अवकाश पर रहेंगे।

डीन से मांगे जाएंगे डॉक्टर

॥चिकित्सा अधिकारियों के अवकाश पर जाने के मद्देनजर अस्पतालों की व्यवस्था बनाने के लिए संविदा और आयुष के साथ एनआरएचएम के डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो मेडिकल कॉलेज के डीन से भी डॉक्टर्स मांगे जाएंगे।- डॉ. अनूप कम्ठान, सीएमएचओ