(कारोबारी गिर्राज से वारदात की जानकारी लेते पुलिस अफसर)
ग्वालियर। शिवपुरी के एक व्यापारी के ग्वालियर में आटो से साढ़े तीन लाख रुपए गायब हो गए और इस चोरी की रिपोर्ट लिखाने के लिए वह पुलिस थानों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन उसकी रिपोर्ट लिखने में टालामटोली होती रही। अंत में बड़े अफसरों के कहने के बाद पुलिस ने कारोबारी की रिपोर्ट को दर्ज किया
गिर्राज गोयल शिवपुरी के बदरबास कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी हैं और ग्वालियर वे कारोबार के सिलसिले में आते-जाते रहते हैं। रविवार को भी ग्वालियर कुछ सामान का भुगतान करने आए थे। बस स्टैंड से वे एक आटो में बैठे। उनके पास एक बैग था औऱ उसके अंदर एक छोटे बैग में करीब 3.5 लाख रुपए रखे थे। जिस आटो में गिर्राज गोयल बैठे, उसमें दो युवक से पहले से ही बैठे थे। इस बात की ओर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। वे बस स्टैंड से सीधे गश्त का ताजिया इलाके में पहुंचे। यहां पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार है और एक दुकानदार को उन्हें भुगतान करना था। गिर्राज गोयल ने दुकान पर पहुंचकर जैसे ही बैग खोला तो उसमे से छोटा बैग गायब था। रकम गायब होते ही गिर्राज के होश उड़ गए। वे समझ गए कि आटो में ही उनकी रकम गायब हुई है।
पुलिस थानों में लगाया चक्कर
गिर्राज गोयल सबसे पहले पड़ाव थाने पहुंचे, लेकिन वहां तैनात स्टाफ ने इसे इंदरगंज थाने का मामला बताकर रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। फिर वे इंदरगंज पहुंचे, लेकिन यहां पर भी पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए और कोतवाली थाने भेज दिया। यहां भी गिर्राज गोयल को निराशा हाथ लगी, क्योंकि पुलिस वालों ने बताया कि यह मामला इंदरगंज का ही है। बेचारा गिर्राज गोयल वापस इंदरगंज पहुंच गया, लेकिन वहां भी रिपोर्ट नहीं लिखी। थानों के चक्कर लगाकर कारोबारी परेशान हो गया और इंदरगंज थाने में जाकर बैठ गया। चूंकि यहां का स्टाफ रिपोर्ट लिखने को तैयार नहीं था, जिसके कारण पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई।
अंत में पुलिस के वरिष्ठ अफसरों ने हस्तक्षेप किया और उसकी रिपोर्ट पड़ाव थाने में लिखी गई, क्योंकि गिर्राज गोयल इसी इलाके से आटो में बैठा था। इस मामले में पुलिस का मनाना है को आटो में जो दो युवक पहले से बैठे थे, संभवतः उन लोगों ने कारोबारी के रुपए गायब किए हैं। अब पुलिस रुपए गायब करने वाले युवकों व आटो चालक की तलाश कर रही है।