ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेले में पुलिस इस बार सड़क पर ठेले नहीं लगने देगी। सड़क पर अव्यवस्था से सैलानी परेशान न हों और भीड़ में फंसें नहीं, इसके लिए खास व्यवस्था की जा रही है। इस बार चाट के ठेलों को सड़क पर एक ही स्थान पर लगवाया जाएगा।
इसे चाट चौपाटी का नाम दिया जाएगा। सड़क पर लगने वाले क्राॅकरी तथा अन्य सामान के ठेलों को पुलिस हटवाएगी। मेला प्रबंधन और पुलिस अफसरों के बीच हुई बैठक में यह व्यवस्था तय की गई है। इसका सख्ती से पालन करवाने की तैयारी भी कर ली गई है।
व्यापार मेले में चाक चौबंद व्यवस्था के लिए मेला प्रबंधन और पुलिस खास ख्याल रख रही है। देखा गया है कि मेले में अक्सर चाट के ठेले अव्यवस्था फैलाते हैं। इस बार योजना के तहत इन्हें एक तय स्थान पर लगवाया जाएगा ताकि यह मेले में कहीं भी सड़क किनारे खड़े न हों।
सामान्यत: मेले में सड़कों पर चाट, क्रॉकरी और कुछ खिलौनों के ठेले लगते हैं। चाट के ठेले सड़कों पर न लगें, इसके लिए प्रबंधन एक अलग जोन बनाएगा। चाट के ठेले इसी जोन में लगेंगे। इसे चाट-चौपाटी कहा जाएगा। क्रॉकरी तथा अन्य छोटे-छोटे सामान के लिए अलग से व्यवस्था नहीं की गई है।
सुरक्षा के लिए जवानों को बुलाने का काम शुरू
व्यापार मेले की सुरक्षा के लिए एक हजार सुरक्षा जवानों को तैनात किया जाना है। कुछ जवान आसपास के जिलों से आने हैं और दो एसएएफ की कंपनियां बुलाई गईं हैं। इसके लिए अधिकारियांे ने तैयारी शुरू कर दी है।
सड़कों पर नहीं लगेंगे ठेले
व्यापार मेले की सड़कों को इस बार ठेला रहित रखा जाएगा। चाट के ठेले और स्टॉल के लिए अलग से चाट चौपाटी बनाई जा रही है। इसके अलावा सड़कों पर एक भी ठेला नहीं लगने दिया जाएगा। सुरक्षा के लिए जवानों को बुलाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।'
वीरेंद्र जैन, एएसपी
मेले में चार स्थानों पर बनाई जाएगी पार्किंग
मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रशासन और मेला प्राधिकरण के बीच बैठक आयोजित की गई। इसमें संभागायुक्त एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष केके खरे ने तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि तैयारियां जल्द से जल्द पूरी कर ली जाएं। आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय के लिए मेले का कम्युनिकेशन प्लान तैयार किया जाए।
बैठक में कलेक्टर पी नरहरि, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, निगम आयुक्त अजय गुप्ता, मेला सचिव अरुण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। श्री खरे ने कहा कि तैयारी के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। इनके प्रभारी अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रणनीति बनाएंगे। मेले में अंचल की सांस्कृतिक धरोहरों एवं हर वर्ग की रुचि के अनुसार कार्यक्रम व गतिविधियां कराई जाएंगी।
मेले में चार मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। रेसकोर्स रोड पर चलने वाले ऑटो, टेंपो, बस को केवल मेला के प्रवेश द्वार पर ही खड़े होने की अनुमति होगी। मेला परिसर में चार पहिया ठेला चालकों के लिए ठेला सेक्टर बनाया जाएगा। इनसे किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।