पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • First Camp, 27 And 28, It Will Not Be In Bhopal

पहला कैंप 27 व 28 को, नहीं जाना पड़ेगा भोपाल, शहर में ही बनेंगे पासपोर्ट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. पासपोर्ट जारी होने से पहले की खानापूर्ति के लिए अब भोपाल नहीं जाना होगा। पासपोर्ट चाहने वाले लोगों की सुविधा के लिए ग्वालियर में पहला पासपोर्ट कैम्प 27 से लगेगा। दो दिन के इस कैम्प में आवेदन के साथ लगे दस्तावेज यहीं पर वेरिफाई हो जाएंगे। अभी इस काम के लिए ऑनलाइन टाइम लेकर भोपाल जाना पड़ता है। इसी तरह का एक कैम्प इंदौर में अक्टूबर में लग चुका है।
ग्वालियर में पासपोर्ट कैम्प के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी भोपाल मनोज कुमार राय व कलेक्टर पी नरहरि के बीच दो माह से बातचीत चल रही है। पासपोर्ट आफिस ने ग्वालियर में पासपोर्ट कैम्प के लिए पहले 25 नवंबर की डेट प्रस्तावित की थी। इसे कलेक्टर ने यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि जिले में नगर निगम चुनाव के कारण सरकारी अमला व्यस्त रहेगा।
इसके बाद जनवरी में कैम्प प्लान किया गया पर इस बार पासपोर्ट दफ्तर ने पहले कैम्प लगाने का प्रस्ताव दिया। सोमवार को इस मामले में प्रशासन व पासपोर्ट दफ्तर के बीच फिर बात हुई और तय हुआ कि ग्वालियर में कैम्प 27 व 28 दिसंबर को लगाया जाए। पहला कैम्प कलेक्टोरेट के स्व. टी धर्माराव कक्ष (जनसुनवाई हॉल) में लगेगा। पासपोर्ट दफ्तर की आठ सदस्यीय टीम को सारी सुविधाएं (कम्प्यूटर, नेट, टेबल-कुर्सी व सुरक्षा आदि) प्रशासन मुहैया कराएगा।
समय व खर्च की होगी बचत: अभी साधारण कैटेगरी में पासपोर्ट बनने में तीन से चार माह का समय लगता है। ग्वालियर में हर माह पांच सौ आवेदन तीनों कैटेगरी में जमा होते हैं। कैम्प में जो लोग आवेदन जमा करेंगे उन्हें पुलिस की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद घर बैठे पासपोर्ट मिल जाएगा। इस नई सुविधा से आवेदकों का भोपाल यात्रा पर होने वाला खर्च व समय दोनों बचेंगे।
पहला कैंप कलेक्टोरेट में लगेगा
पासपोर्ट दफ्तर ने पहले नवंबर में कैम्प की तारीख दी थी पर चुनाव के कारण इसे टाला गया। अब ग्वालियर में पहला कैम्प 27 व 28 दिसंबर को कलेक्टोरेट में लगेगा। आगे भी इस तरह के कैम्प लगें, इसको लेकर भी प्रयास किए जाएंगे।
पी. नरहरि, कलेक्टर
तत्काल के आवेदन नहीं लेंगे
पासपोर्ट के आवेदन तीन तरीके से जमा होते हैं। तत्काल के आवेदन ऑनलाइन जमा होते हैं। साधारण कैटेगरी में दो तरह से आवेदन जमा होते हैं। एक पुलिस के पासपोर्ट सेल में दूसरा भोपाल में। जो लोग साधारण कैटेगरी में सीधे भोपाल आवेदन जमा करते हैं उन्हें भोपाल में जाकर ही दस्तावेज जांच करानी होती है।
ग्वालियर में कैम्प लगने से अब यह काम यहीं पर होगा। ग्वालियर के कैम्प में तत्काल वाले आवेदन नहीं लिए जाएंगे। इसमें पुराने पासपोर्ट के नवीनीकरण की सुविधा भी मुहैया कराई जा सकती है।