ग्वालियर. पुलिस को पीएमटी फर्जीवाड़े में शामिल दो सौ से ज्यादा सॉल्वर्स की तलाश है लेकिन अभी तक एक ही सॉल्वर हाथ आया है। पुलिस की परेशानी यह है कि सॉल्वर्स को बुलाने वाले रैकेट के सदस्य इनके नाम और पते भूल गए हैं। इन लोगों का कहना है कि उन्हें जितने नाम याद थे, उन्होंने बता दिए हैं, और नाम याद नहीं हैं।
पकड़े गए रैकेट के सरगना ने स्वीकार किया कि ज्यादातर सॉल्वर कानपुर या लखनऊ से बुलवाए थे। अब उन्हें सॉल्वर्स के नाम याद नहीं हैं। सॉल्वर्स को शहर के रैकेट से मिलवाने वाले संतोष चौरसिया ने पुलिस को बताया है कि वह लखनऊ के सुरेंद्र वर्मा के माध्यम से सॉल्वर लाता था लेकिन सॉल्वर के नाम भूल चुका है।
एक सॉल्वर सतना निवासी अभिनव सिंह ही पुलिस के हाथ आया है। इसने पुलिस को बताया कि उसने एक ही छात्र के लिए परीक्षा दी थी। पुलिस छह बार कानपुर और लखनऊ जा चुकी है लेकिन सॉल्वर्स का सुराग नहीं मिला। एसआईटी को पता चला है कि पिछले एक दशक में लगभग दो सैकड़ा सॉल्वर परीक्षा दे चुके हैं। यह पकड़े जाएं तो कुछ और फर्जी मेडिकल छात्रों के नाम उजागर हो सकते हैं।