(जयारोग्य अस्पताल में शुरु हो गई स्वाइन फ्लू के लिए ओपीडी)
ग्वालियर। अंचल में स्वाइन फ्लू का प्रकोप कम होता नहीं दिखाई दे रहा है। सोमवार को स्वाइन फ्लू के तीन संदिग्ध और मेडिकल कालेज के जयारोग्य अस्पताल में पहुंच गए। इन मरीजों के सैंपल जांच के लिए डीआरडीओ लेबोरेटरी में भेजे गए हैं। इसके साथ सोमवार से जयारोग्य अस्पताल में ही स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए अलग से ओपीडी शुरू कर दी गई है।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार की तीन और मरीज जयारोग्य अस्पताल में पहुंच गए। इसमें अनीता दुबे भिंड से, रुचि जैन श्योपुर तथा धीरज चौहान मुरैना से भर्ती कराए गए हैं। इन तीनों के सैंपल जांच के लिए डीआरडीओ लेबोरेटरी में भेजे गए हैं। अभी तक अंचल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों की संख्या सात है, जिसमें से तीन लोगों की मौत हुई है। उधर सुमन नाम की जिस महिला को स्वाइन फ्लू हुआ था, उसका इलाज अभी भी जयारोग्य अस्पताल में जारी है। डाक्टरों के मुताबिक सुमन की स्थिति पहले सो बहुत बेहतर है और जल्दी ही स्वस्थ हो जाएगी।
जयारोग्य अस्पताल में स्वाइन फ्लू की ओपीडी शुरू
जयारोग्य अस्पताल में स्वाइन फ्लू पीड़ित मरीजों के लिए अलग से ओपीडी खोल दी। इसमें मेडिसिन के साथ ईएनटी व पीडियाटिक के विशेषज्ञ प्रतिदिन मरीजों का चेकअप करेंगे। इसी अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए अलग से 20 बिस्तरों वाला आइसोलेशन वार्ड पहले से ही बना हुआ है।