ग्वालियर. जेएएच से दिल्ली रैफर की गई फ्लू की संदिग्ध मरीज अनीता दुबे (भिंड) की सोमवार शाम को रास्ते में मौत हो गई। पहले अनीता को जेएएच के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां से परिजन उसे रैफर कराकर दिल्ली ले जा रहे थे। जेएएच में अनीता का सैंपल ले लिया गया है।
वहीं स्वाइन फ्लू के 8 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच डीआरडीई ने सोमवार को सीएमएचओ को सौंप दी। रिपोर्ट में एक डॉक्टर सहित चार लोगों को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। इनमें तीन ग्वालियर के और एक भिंड का मरीज शामिल हैं। अब तक स्वाइन फ्लू पॉजीटिव तीन और संदिग्ध मरीज अनीता सहित चार की मौत हो चुकी है।
सीपी कॉलोनी में रहने वाली डॉ. एस. जैन को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बिड़ला अस्पताल में भर्ती लाली मिश्रा गोला का मंदिर, महेश कबदल बिड़ला नगर और भिंड की सुखवीर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अब तक सीएमएचओ ग्वालियर ने 21 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से 11 को स्वाइन फ्लू हुआ है।
खांसते व छींकते समय मुंह पर रखें रूमाल
सीएमएचओ डॉ. अनूप कम्ठान ने बताया कि स्वाइन फ्लू संक्रमित बीमारी है। यह वायरस के कारण फैलती है। इससे बचाव ही सुरक्षा का महत्वपूर्ण तरीका है। इसलिए खांसते, छींकते समय मुंह पर रूमाल रखें। संक्रमण होने पर भीड़भाड़ से दूर रहें।
किसी को छूने से पहले व बाद में साबुन से हाथ धोएं। सामान्य खांसी या जुकाम स्वाइन फ्लू नहीं है। सर्दी, खांसी के साथ तेज बुखार, गले में खराबी और सांस लेने में दिक्कत होना स्वाइन फ्लू के लक्षण हैं।
जेएएच में कोल्ड क्लीनिक शुरू, 88 मरीज पहुंचे जिला अस्पताल
जेएएच की ओपीडी के कमरा नंबर 20 में सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीजों के लिए डीन डॉ. जीएस पटेल ने सोमवार को कोल्ड क्लीनिक शुरू किया। इस क्लीनिक में मेडिसिन, पीडियाट्रिक और ईएनटी के डॉक्टर बैठे। पहले दिन 15 मरीजाें का चेकअप किया गया। उधर जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू ओपीडी में 88 मरीज दिखाने आए।