ग्वालियर। रात के समय जर्मन शेपर्ड कुत्ता घर में घूमता रहा, लेकिन चोर उसे भी झांसा देकर लाखों रुपए के जेवरात और सामान उड़ाकर ले गए। चोर भी ऐसे होशियार, जिसने मकान का ताला तोड़ने की जरूरत नहीं समझी, बल्कि उसे खोलकर मकान के अंदर पहुंच गया। अब पुलिस मामले की जांच तो कर रही है, लेकिन उसे लग रहा है कि यह काम किसी नजदीकी का हो सकता है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के पाटनकर का बाड़ा इलाके में भगवतीचरण श्रीवास्तव रहते हैं। एक दिन पहले वे दतिया विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। इस दौरान उनका कुत्ता घर में ही था और घर के दरवाजे पर उन्होंने नंबर वाला ताला लगाया हुआ था। रात के समय चोर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने ताला तोड़ा नहीं, बल्कि नंबर मिलाकर उसे खोल लिया।
इस चोरी के दौरान कुत्ता भी वहां घूमता रहा, लेकिन भौंका भी नहीं और चोर मकान के अंदर से करीब 9 तोले सोना और एक किलो चांदी के अलावा कुछ हजार नगद रुपए लेकर चले गए। सुबह जब भगवतीचरण वापस लौटे को घर का ताला खुला हुआ था और उनका पालतू कुत्ता घर के अंदर ही घूम रहा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस व फोरेसिंक एक्सपर्ट मौके पर जांच करने पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक इस चोरी में किसी परिचित का हाथ लग रहा है, क्योंकि पालतू कुत्ता किसी अजनबी के घर में घुसने पर भौंका तक नहीं। इसके अलावा घर में लगे ताले का नंबर काम्बीनेशन भी चोर ने आसानी से मालूम कर लिया। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है।