ग्वालियर. पनिहार इलाके में कोलार घाटी हाईवे पर हार्वेस्टर और ट्रक की टक्कर में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि हार्वेस्टर में बैठे छह लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार शाम लगभग पांच बजे का है। हादसे के बाद मृत ड्राइवर का शव ट्रक की केबिन में फंस गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पनिहार थानाक्षेत्र की कोलार घाटी हाईवे पर शनिवार की शाम लगभग पांच बजे ग्वालियर से शिवपुरी की ओर जा रहे हार्वेस्टर की टक्कर ग्वालियर आ रहे ट्रक से हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक ड्राइवर प्रमोद शर्मा निवासी सिरसा अलीगढ़ ट्रक में ही फंस गया। प्रमोद की कुछ ही देर में मौत हो गई। जबकि हार्वेस्टर में बैठे गर्जेंद्र सिंह, कुलवंत, प्रसन्न दास, दीपा और मलखान सहित छह लोग घायल हो गए।
पत्नी मायके गई और पति ने लगा ली फांसी
जनकगंज थाना क्षेत्र के माधव नगर गेट नंबर दो पर रहने वाले एक ऑटो ड्राइवर ने शनिवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रारंभिक पड़ताल के बाद मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है। पुलिस के अनुसार माधव नगर गेट नंबर दो के पास रहने वाला वीरेंद्र जाटव ऑटो ड्राइवर था। शनिवार की रात वह घर पर आया और खाना खाकर सो गया।
सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजन उसे जगाने पहुंचे, लेकिन अंदर से न तो कोई आवाज आई और न ही दरवाजा खुला। अंदर जाकर देखा तो यह फांसी पर लटका हुआ था। पुलिस को प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि दो दिन पहले वीरेंद्र का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था इसके बाद वह मायके चली गई थी।