पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभिंड. घाटे के चलते 10 साल से मालनुपर में बंद पड़े एमपी आयरन स्टील प्लांट और हॉटलाइन ग्लास फैक्टरी दोबारा शुरू होगी। बीआईएफआर (बोर्ड फॉर इंडस्ट्रीयल एंड फाइनेंशियल रीकंस्ट्रक्शन) ने मोदी ग्रुप को स्टील प्लांट चालू करने की मंजूरी दे दी है। यदि सबकुछ योजना के अनुसार चला तो स्टील प्लांट में इस साल के अंत तक उत्पादन शुरू होने लगेगा। इसके साथ ही हॉटलाइन ग्लास फैक्टरी को भी पुनर्जीवित करने के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है।
अंचल के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्र मालनपुर में बंद पड़ी दो बड़ी इकाइयां चालू करने के अलावा 300 करोड़ की लागत से तीन नए उद्योग स्थापित करने की भी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कुल पांच इकाइयों के चालू होने से पांच हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
मोदी ग्रुप ने एमपी आयरन को चालू कराने को लेकर कोलकाता स्थित बीआईएफआर में याचिका दायर की थी, जिसे बोर्ड ने मंजूर कर लिया है। एमपी आयरन में चार इकाइयां हैं, जिनमें से चार महीने के भीतर दो इकाइयां शुरू होंगी।
300 करोड़ में तीन नई औद्योगिक इकाइयां भी होंगी स्थापित
- मालनपुर में एक्जो नोबल इंडिया लिमिटेड औद्योगिक इकाई 138 करोड़ में एक पखवाड़े पहले ही स्थापित की गई है।
- बिस्किट बनाने वाली ग्रीनटेक फूड लिमिटेड मार्च तक 125 करोड़ की लागत से इकाई स्थापित करेगी।
- बिस्किट बनाने वाली विक्रम आर्यन फूड प्रोडक्ट 33 करोड़ की लागत से इकाई लगाएगी।
मोदी ग्रुप को मिली मंजूरी
मालनपुर की बंद पड़ी एमपी आयरन को इस साल के आखिरी तक चालू किया जाएगा। बीआईएफआर ने मोदी ग्रुप को इसकी मंजूरी दे दी है। हॉटलाइन की एक इकाई भी चालू हो रही है। इसका सर्वे दस दिन पहले हो चुका है। बंद पड़ी इन दो इकाइयों के अलावा तीन नई इकाइयां भी स्थापित की जा रही हैं।
-मजहर हाशमी, प्रभारी महाप्रबंधक, इंडस्ट्रियल इंफ्राक्स्ट्रक्चर डवलपमेंट कार्पोरेशन, मालनपुर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.