ग्वालियर. दानाओली स्थित झूलेलाल मंदिर से चोरों ने शुक्रवार देर रात प्रतिमाओं से 9 मुकुट, 12 छत्र, सोने की एक चेन और तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर 25 हजार रुपए पार कर दिए। चोरों ने मंदिर में तसल्ली से सामान की तलाशी ली, इसके बाद सामान समेटा। शनिवार सुबह पुजारी ने जब मंदिर के पट खोले तो सारा सामान बिखरा था।
उन्होंने इसकी सूचना मंदिर प्रबंधन और जनकगंज थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि नशेड़ियों के गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया होगा। चोर मंदिर की दूसरी मंजिल की खिड़की के कांच तोड़कर अंदर घुसे थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई गई है।
झूलेलाल मंदिर में चोर संभवत: रात एक बजे के बाद घुसे। मंदिर के आसपास रहने वालों का कहना है कि रात एक बजे तक यहां पर चहल-पहल रहती है। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला नहीं तोड़ा, ये दूसरी मंजिल स्थित खिड़की के कांच तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं के मुकुट और छत्र उतारे, तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर इनमें रखे लगभग 25 हजार रुपए नकद समेट ले गए।
इसके बाद चोर ऊपर के रास्ते से ही निकल गए। सुबह पुजारी सख्तराम ने पट खोले तो देखा कि यहां का सामान बिखरा है। चोरी की सूचना मिलते ही टीआई जनकगंज राजकुमार शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
मंदिर में घुसे दुबले-पतले चोर
घटनास्थल को देखकर पुलिस का कहना है कि चोर दुबले-पतले होंगे और ये अपने दुबले शरीर का फायदा उठाकर मंदिर की खिड़की से अंदर घुसे होंगे। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में सक्रिय रहने वाले नशेड़ियों के बीच चोरों की तलाश शुरू कर दी हैं।