(नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे)
ग्वालियर। नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे बजट सत्र में मप्र सरकार को खाद की कमी और बिजली वितरण के निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे। उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने इस सत्र में मुद्दे उठाने की तैयारी कर ली है। हालांकि वे नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस की करारी हार पर कुछ नहीं बोले।
कटारे सोमवार को ग्वालियर में थे। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार की नीतियों के चलते किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह हो गई है कि पुलिस थानों से खाद वितरित हो रही है। सरकार ने खाद विक्रय की नीतियां बदली नहीं होती तो यह स्थिति नहीं आती। इसके अलावा सरकार प्रदेश में बिजली वितरण का भी निजीकरण करने जा रही है। इन मुद्दों को बजट सत्र में जोरशोर से उठाया जाएगा।
कटारे ने हाल ही में हुए नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में धांधली का आरोप भी लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक अफसरों ने भाजपा नेताओं के दबाव में काम किया। उन्होंने भिंड के कुछ मामलों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उन्होंने कलेक्टर से बात करनी चाही, तो उन्होंने फोन ही नहीं रिसीव किया। इन मामलों की शिकायत उन्होंने मुख्य सचिव से की है।
हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी की करारी हार पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की और कहा कि इस मुद्दे पर वे कुछ नहीं बोलना चाहते, लेकिन उनकी पार्टी राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को सड़क से लेकर विधानसभा में उठाती रहेगी।