मुरैना. पेट्रोल पंप मालिक गिर्राज अग्रवाल की हत्या के आरोपी तीन दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। व्यापारियों ने पुलिस को गुरुवार की शाम पांच बजे तक आरोपियों को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया था। शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के बाद मुरैना शहर व जौरा में व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकालकर पेट्रोल पंप मालिक को श्रद्धांजलि दी।
व्यापारियों ने निर्णय लिया कि शुक्रवार को मुरैना शहर के बाजार बंद रहेंगे, जबकि जौरा के व्यापारियों ने अनिश्चितकाल तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। कृषि उपज मंडी, पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी भी नहीं खुलेंगी।
गुरुवार को व्यवसायियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधु दंडोतिया हाथ में स्व. गिर्राज अग्रवाल की तस्वीर लेकर साथ चल रही थीं।