पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Mustard Oil Tanker Seized By Holding 50 Million

टैक्स चोरी करने वाले सात टैंकर पकड़े 50 लाख का सरसों का तेल जब्त

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिंड-गोरमी. ग्वालियर की सेल्स टैक्स टीम ने गुरुवार सुबह गोरमी-पोरसा मार्ग पर सरसों के तेल से भरे सात टैंकर जब्त किए। मुरैना की वैभव ऑयल मिल के यह ट्रक पश्चिम बंगाल जा रहे थे। टैंकर ड्राइवरों के पास सेल्स टैक्स संबंधी कागजात नहीं होने पर सेल्स टैक्स टीम ने टैंकरों को जब्त कर गोरमी थाने में रखवा दिया। कार्रवाई करने के बाद टीम ग्वालियर रवाना हो गई।
ग्वालियर सेल्स टैक्स के अफसरों को सूचना मिली कि गुरुवार की सुबह वैभव ऑयल मिल से 15 टैंकर सरसों के तेल से भरे पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। सेल्स टैक्स विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर अनुपमा शर्मा, वाणिज्यिक कर अधिकारी प्रमोद शर्मा, वीरेन्द्र कौशल, नीतेश बंसल, नवीन सिंह धुर्वें गुरुवार की सुबह सात बजे गोरमी पोरसा मार्ग पर सरसों के तेल से भरे सात टैंकरों को पकड़ लिया। इस दौरान अफसरों ने ड्राइवर से कागजों की मांग की, लेकिन उनके पास से फार्म-49 नहीं मिला। अफसरों का कहना है कि सेल्स टैक्स की चोरी कर ये माल पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था।
पांच घंटे तक चली कार्रवाई: सेल्स टैक्स की टीम ने पांच घंटे तक ड्राइवरों से पूछताछ की। साथ ही सरसों के तेल संबंधी रिकॉर्डों को भी खंगाला, लेकिन टीम को कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। गोरमी थाना प्रभारी आरएस भगत को पंचनामा बनाकर सात टैंकर सुपुर्द कर दिए। इस दौरान ड्राइवरों को अलग-अलग करके पूछताछ की।