पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर। अब तक शहर में वारदात कर भागने वाले बदमाशों की पहचान के लिए शहर के हर हिस्से में कैमरे लगाए जा रहे थे, लेकिन अब कैमरों के जरिए पुलिसकर्मियों पर भी नजर रखने की योजना बन रही है। इसके चलते प्रत्येक थाने में तीन कैमरे लगेंगे। इनमें दो कैमरे थाने के अंदर रहेंगे और तीसरा थाने के मुख्य द्वार पर। सुरक्षा की दृष्टि से शहर में किन स्थानों पर कैमरे लगना चाहिए, इसको लेकर पुलिस अफसर पिछले कुछ दिन से स्थान चिह्नित करने में लगे थे।
403 स्थानों पर कैमरे लगाने का प्रस्ताव भोपाल भेजा गया था। दो दिन पहले हुई बैठक के बाद पुलिस हेडक्वार्टर से निर्देश मिले थे कि प्रस्ताव को इस तरह बनाया जाए कि दोबारा कैमरे लगाने की जरूरत न पड़े। नए सिरे से जो प्रस्ताव बनाया गया है, उसमें अब 596 स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश के प्रमुख शहरों को कैमरों से कवर करने की योजना बनाई थी। इस योजना के चलते शहर पुलिस को भी निर्देश मिले थे कि महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित कर इसकी सूची पुलिस हेडक्वार्टर भेज दी जाए। दो दिन पहले डीएसपी ट्रैफिक अजय त्रिपाठी शहर में कैमरे लगाए जाने वाले 403 स्थानों की सूची बनाकर पुलिस हेडक्वार्टर ले गए थे। सूची पेश करने के बाद निर्देश मिले थे कि एक बार फिर इस सूची को रिवाइज किया जाए जो स्थान छूट रहे हैं उन्हें भी इसमें शामिल कर लिया जाए।
नए सिरे से सूची को रिवाइज किया गया तो इसमें कैमरे लगाने के स्थान 596 हो गए हैं। इसके अलावा डबरा में कैमरे लगाने के लिए कौन से स्थान ठीक हो सकते हैं इस पर भी विचार चल रहा है। एक कैमरा हेड मुहर्रिर के कक्ष में दूसरा कैमरा थाना प्रभारी और तीसरा कैमरा थाने के गेट पर लगाया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा, ताकि यह पता चल सके पुलिसकर्मी थाने में आने वालों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।
छह पोर्टेबल कैमरे भी मिलेंगे : छह पोर्टेबल कैमरे भी शहर पुलिस को दिए जा रहे हैं, यह कैमरे अपनी सुविधा के अनुसार उन पुलिस वाहनों में लगाए जाएंगे जिन वाहनों का उपयोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाता है। इस कैमरों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान कार्रवाई की रिकॉर्डिंग की जाएगी।
पहले शहर में 403 कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे रिवाइज करने के लिए कहा गया था। दोबारा बनाए गए प्रस्ताव में 596 स्थान कैमरे लगाने के लिए चिह्नित किए गए हैं। इसके लिए अलग से कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
अजय त्रिपाठी, डीएसपी, ट्रैफिक
सांसद निधि से कैमरे लगाने का प्रस्ताव मंजूर
कैमरे लगाने के लिए सांसद यशोधरा राजे ने भी 25 लाख रुपए अपनी निधि से देने की घोषणा की थी। इस प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। संभवत: अगले महीने इसकी पहली किस्त मिल जाएगी। इससे नदीगेट और इंदरगंज चौराहे पर कैमरे लगाने की योजना है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.