सेंवढ़ा. लाखों रुपए ठगने और बच्चों का अपहरण करने के मामले में आऱोपी महिला गुड्डन व उसके सहयोगी संजय चौबे को शनिवार को ललितपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह से जुड़े सदस्यों के माध्यम से उन पीड़ित महिलाओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, जिन्हें ठगा गया है। यदि कोई पीड़ित महिला सामने आती है तो आरोपियों को रिमांड पर मांगा जाएगा। वहीं हिरासत में लिए गए सेंवढ़ा के निजी डॉक्टर डाॅ. नीरज गुप्ता से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।
सेंवढ़ा निवासी शहर काजी रहीश खान की पत्नी गुड्डन झांसी, ललितपुर में महिलाओं को बच्चा पैदा करने का झांसा देकर ठगी का रैकेट चलाती थी। इसका खुलासा उप्र के ललितपुर थाना की पुलिस ने दो दिन पहले किया था।
पुलिस ने तालबेहट से अगवा किए गए बच्चे को बरामद किया था। शुक्रवार को ललितपुर पुलिस ने सेंवढ़ा में गुड्डन के घर छापा मारकर पीर साहब की ताबीज के नाम पर दिए जाने वाले नकली सिक्के एवं पाउडर बरामद किया था।
पुलिस ने महिला के सहयोगी संजय चौबे को भी गिरफ्तार किया था। चौबे झांसी व ललितपुर से नि:संतान महिलाओं को गुड्डन तक पहुंचाने का काम करता था। शनिवार को गुड्डन और संजय चौबे को जेल भेज दिया गया।
जबकि हिरासत में लिए गए निजी क्लीनिक संचालक नीरज गुप्ता से पूछताछ की जा रही है। ललितपुर एसएचओ उदयभान सिंह के मुताबिक डाॅक्टर के गिरोह में शामिल होने की आशंका के चलते उसे हिरासत में रखा गया है। जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।