पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Results Will Take Photocopies Of Ansrshit

छात्र रिजल्ट से संतुष्ट नहीं तो ले सकेंगे आंसरशीट की फोटोकॉपी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. छात्र अगर परीक्षा में दिए गए अंकों से संतुष्ट नहीं हैं तो सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत उत्तर पुस्तिका देखने के बाद उसकी फोटोकॉपी ले सकते हैं। इसके लिए अब उन्हें हाईकोर्ट का दरवाजा नहीं खटखटाना पड़ेगा। जीवाजी यूनिवर्सिटी ने इस तरह की व्यवस्था लागू कर दी है। इसका लाभ जेयू की अध्ययनशाला सहित संबद्ध कॉलेजों में पढ़ने वाले लगभग डेढ़ लाख छात्रों को मिलेगा।
आरटीआई के तहत एक उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने के बदले छात्र को 250 रुपए जमा करने होंगे। जेयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. डीडी अग्रवाल के मुताबिक फोटोकॉपी परीक्षा देने वाले छात्र को ही मिलेगी। इसके लिए जेयू प्रशासन आईडी प्रूफ जमा करवाएगा।
तभी कॉपी मिल सकेगी। दरअसल अभी तक जेयू प्रशासन आरटीआई के तहत आवेदन करने पर छात्रों को उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी उपलब्ध नहीं कराता था। उन्हीं छात्रों को उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी मिलती थी जो हाईकोर्ट में याचिका दायर करते थे।
छात्र दिखा सकता है बाहरी शिक्षक को आंसरशीट की फोटोकॉपी

आरटीआई के तहत उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करने की व्यवस्था शुरू किए जाने से अब शिक्षकों पर सही मूल्यांकन करने का दबाव रहेगा। अभी ऐसे भी मामले आ रहे थे कि छात्रों को जानबूझकर फेल कर दिया जाता था। लेकिन अब शिक्षक ऐसा करेंगे तो उनका ब्लैक लिस्टेड होना तय है। साथ ही छात्र यदि मूल्यांकनकर्ता के मूल्यांकन से संतुष्ट नहीं है तो वह बाहरी शिक्षक को भी फोटोकॉपी युक्त अपनी उत्तर पुस्तिका दिखा सकते हैं।
बदल देते हैं होशियार छात्रों की कॉपियों के पेज

पढ़ाई में फिसड्डी छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने के लिए जेयू के कर्मचारी छात्रों की उत्तर पुस्तिका के अंदर के पेज तक बदल देते हैं। इस बात का खुलासा दैनिक भास्कर ने 11 जून को "छात्रा की कॉपी के बदले पेज, री-ओपनिंग में हुआ खुलासा' शीर्षक से कर चुका है। आरटीआई की सुविधा लागू होने के बाद अब इस तरह की गड़बड़ी पर भी रोक लगेगी।
एटीकेटी के छात्र भी देख सकेंगे कॉपी

अब एटीकेटी वाले छात्र भी अपनी उत्तर पुस्तिका देख सकेंगे। साथ ही वे आरटीआई के तहत उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकते हैं। जेयू में अब छात्र केवल री-ओपनिंग व री-टोटलिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। रीवैल्यूएशन पर रोक लगा दी गई है।