(आरटीओ दफ्तर में तालाबंदी करते टेम्पो चालक)
फोटोः रवि उपाध्याय
ग्वालियर। आरटीओ ने शहर के टेम्पो चालकों को मिलने के लिए बुलाया, लेकिन समय देकर गायब हो गए। इससे नाराज होकर टेम्पों चालकों ने दफ्तर में ताला लगा दिया और आंदोलन करने लगे। हंगामे की खबर सुनकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बाद में आंदोलन करने वाले लोगों को समझाकर वहां से हटाया।
ये टेम्पो चालक भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के बैनर तले आरटीओ अशोक निगम के बुलाने पर बुधवार को दफ्तर पहुंच गए, लेकिन वहां आरटीओ नहीं मिले। जब टेम्पो चालकों ने आरटीओ को फोन लगाया तो उन्होंने पांच बजे दफ्तर में आने के लिए कहा। इसके बाद चालकों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने नारे लगाते हुए आरटीओ दफ्तर में ताला लगा दिया। इस तालाबंदी के कारण दफ्तर के कर्मचारी घंटों बंद रहे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों को समझाया।
टेम्पो चालक संघ के पदाधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि टेम्पो चालकों के लाइसेंस रिन्यू नहीं हो रहे हैं और भी समस्याएं हैं। इनका निराकरण करने की बजाय आरटीओ ही गायब हो गए। यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद करके आंदोलन करेंगे।
स्लाइड में देखिए आरटीओ दफ्तर में तालाबंदी की तसवीरें........