खजुराहो. खजुराहो के मंदिरों को देखने के लिए रूस से आई एक युवती को यहां की संस्कृति इस तरह से भा गई कि उसने यहां के एक युवक को ही अपना जीवन साथी बना लिया। हिंदू रीति-रिवाज से उसने शनिवार को खजुराहो में शादी रचाई है।
रूस की रहने वाली आन्या करीब डेढ़ वर्ष पहले खजुराहो घूमने के लिए आई थी। यहां के मंदिरों को देखा और संस्कृति से परिचित होने का प्रयास कर रही थी, तभी उसकी मुलाकात खजुराहो के मोहित उर्फ लकी से हो गई। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और इसके बाद कई बार आन्या खजुराहो आई और वापस गई। इसी बीच दोनों में प्यार हो गया और शादी के लिए एक-दूसरे को प्रपोज किया।
शनिवार को यहां के एक विवाह घर में आन्या और लकी की शादी हुई। इसमें कन्यादान राजाराम अवस्थी ने किया। शादी के लिए पहले से आमंत्रण पत्र छपवाए गए थे और रिश्तेदारों-मेहमानों की उपस्थिति में कन्यादान करते हुए विवाह कार्यक्रम का संपन्न कराया गया।