पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ताज एक्सप्रेस में उपद्रव, युवतियों को छेड़ा, यात्रियों को पीटा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर। झांसी से निजामुद्दीन जा रही ताज एक्सप्रेस में रविवार को सेना भर्ती रैली से लौट रहे युवकों ने जमकर उपद्रव किया। इन युवकों ने झांसी से ही ट्रेन के सभी कोचों में कब्जा कर लिया और महिलाओं व युवतियों के साथ जमकर अभद्रता और छेड़छाड़ की। कुछ यात्रियों ने युवतियों को बचाने की कोशिश की तो उपद्रवी युवकों में से एक ने कट्टा तान दिया और यात्रियों के साथ मारपीट कर दी। ट्रेन ग्वालियर पहुंची तो कोचों से महिलाएं और युवतियां चीखती हुईं प्लेटफार्म पर उतरीं।
अधिकांश कोचों के गेट इन युवकों ने बंद कर लिए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस गेट खुलवा सकी और महिलाओं व युवतियों को सुरक्षित उतारा। इस दौरान ग्वालियर से भी कई यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ सके। युवकों के उपद्रव के चलते ट्रेन स्टेशन पर आधा घंटा खड़ी। इतना उपद्रव होने के बाद भी जीआरपी और आरपीएफ ने युवकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
रविवार को झांसी में सेना की भर्ती रैली थी। निजामुद्दीन जाने वाली ताज एक्सप्रेस के सभी कोचों पर भर्ती रैली से लौटने वाले युवकों ने झांसी स्टेशन पर ही कब्जा कर लिया। झांसी से रवाना होते ही इन युवकों ने ट्रेन में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने यात्रियों के साथ मारपीट की।
चूंकि इन युवकों ने झांसी में हंगामा किया था, इसलिए ताज रवाना होने के बाद झांसी रेलवे प्रबंधन ने ग्वालियर स्टेशन प्रबंधन को इसकी सूचना दे दी थी। ताज के ग्वालियर आने से पहले ही एरिया मैनेजर अनिल शर्मा, डीसीआई दीपक कसोटिया, सीएसपी डीवीएस भदौरिया, टीआई पड़ाव सोमसिंह रघुवंशी, जीआरपी थाना प्रभारी केएल राय और आरपीएफ अधिकारी दल-बल के साथ प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंच गए। झांसी के बाद कुछ स्टेशनों पर उपद्रवी युवकों ने यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने ही नहीं दिया।
ट्रेन के ग्वालियर आने पर कई महिलाएं और युवतियां रोते और चीखते हुए प्लेटफार्म पर उतरीं। इस दौरान अधिकांश कोचों के गेट बंद थे। उपद्रवी युवक गेट नहीं खोल रहे थे। पुलिस ने जैसे-तैसे खिड़कियों पर लाठियां चलाईं और अंदर घुसने की धमकी दी तब युवकों ने कोचों के गेट खोले। पुलिस ने कई युवतियों को सुरक्षित उतारा।
युवतियों को बचाने गया तो कट्टा ताना
दतिया से दो महिलाएं अपनी बेटियों को लेकर डी-9 कोच में सवार हुईं। उपद्रवी युवकों ने इन्हें गेट के अंदर तो आने दिया लेकिन कोच में चढ़ने के बाद इनकी दोनों बेटियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवतियों का शोर सुनकर मैं अपने दो साथियों के साथ उन्हें बचाने के लिए युवकों की भीड़ में कूद गया। लेकिन युवकों की संख्या अधिक होने के कारण इन्होंने हमारे साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान एक युवक ने हम पर कट्टा तान दिया। फिर भी हम लोग वे जैसे-तैसे युवतियों को बचाकर ले आए। रास्ते में युवक परेशान न करें, इसलिए मैं अपनी यात्रा रद्द कर ग्वालियर में ही उतर गया। मैंने घटना की जानकारी सीएसपी को दी है।
भीड़ में दबे बच्चे, मुझे पीटा
^मैं परिवार के साथ ग्वालियर से दिल्ली जा रहा था। मैंने डी-12 में पत्नी और बच्चों को चढ़ा दिया। युवकों की भीड़ में बच्चों का दम घुटने लगा। बच्चों की चीख सुनकर मैंने कोच में घुसने की कोशिश की तो युवकों ने अंदर नहीं जाने दिया। विरोध किया तो मुझे पीटा। अपने साथी की मदद से बच्चों व पत्नी को बाहर निकाला और यात्रा रद्द कर दी।''
देवेंद्र भदौरिया, पीड़ित यात्री
राजधानी एक्सप्रेस में लूट
चाकू अड़ाकर यात्री से छीने डेढ़ लाख के जेवर, भयभीत यात्रियों ने ग्वालियर में नहीं खोले गेट
बेंगलुरू से आ रही राजधानी एक्सप्रेस में शनिवार रात एक यात्री पर चाकू अड़ाकर छह हजार नकद सहित डेढ़ लाख के गहने लूट लिए। बदमाश झांसी से ट्रेन में चढ़े थे। सोनागिर से पहले चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और वारदात को अंजाम दिया। ट्रेन सुपरिटेंडेंट नागराज ने रेलवे प्रबंधन को लूट की जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन को ग्वालियर में डाउन मेन लाइन पर रोका गया और पड़ाव थाने व आरपीएफ थाने का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। लेकिन यात्री इतने भयभीत थे कि उन्होंने कोच के दरवाजे नहीं खोले। बाद में ट्रेन सुपरिटेंडेंट ने गेट खोले। उन्होंने बताया कि चार बदमाश ए-5 और ए-6 की कपलिंग के पास खड़े थे। सोनागिर स्टेशन से पहले बदमाशों ने चेन पुलिंग कर रात 1.52 बजे ट्रेन रोक दी और एक यात्री को चाकू अड़ाकर बैग लूट लिया।
बैग में डेढ़ लाख रुपए के गहने और छह हजार रुपए नकद रखे थे। चेन पुलिंग होते ही ट्रेन के सीएनडब्ल्यू स्टाफ उसे ठीक करने आया बदमाशों ने उन पर भी चाकू अड़ा दिया। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग गए। यहां से ट्रेन रात 2.10 बजे रवाना हुई और 2.51 बजे ग्वालियर पहुंची। इस दौरान पुलिस अफसर कुछ और जानकारी ले पाते कि ट्रेन 2.54 बजे रवाना हो गई।

छत्तीसगढ़ से लैपटॉप-मोबाइल चोरी: छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से रायपुर जा रहे सिद्धार्थ द्विवेदी का लैपटॉप, मोबाइल, तीस हजार रुपए, डीवीडी रविवार को निजामुद्दीन स्टेशन पर चोरी हो गई। सिद्धार्थ को चोरी का पता मथुरा स्टेशन पर चला। सिद्धार्थ बी-2 कोच में सवार थे। उन्होंने ट्रेन के टीटीई को सामान चोरी होने की जानकारी दी। टीटीई ने इसकी जानकारी आगरा रेलवे प्रबंधन को दी। लेकिन आगरा में जीआरपी स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्वालियर में शिकायत की गई।