ग्वालियर. एमएलबी कॉलेज में शुक्रवार को कॉलेज के विधि अध्ययन संस्थान में सीनियर छात्र जूनियर्स की रैगिंग लेने पहुंच गए। इन्होंने शिक्षक के सामने ही जूनियर्स से इंट्रोडक्शन लेना शुरू कर दिया। बीए एलएलबी पहले सेमेस्टर के छात्र विवेक सूर्यवंशी ने इसका विरोध किया तो सीनियर छात्रों ने उस पर फावड़े से हमला कर दिया और उसे क्लास से खींचकर पीटा।
साथ ही जूनियर्स को धमकी देते हुए सीनियर्स ने कहा कि जिसमें दम है, वह हमारा सामना करे। इन्होंने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ भी की। जूनियर छात्र-छात्राओं ने अपने साथी को बचाया फिर इन्होंने प्रिंसिपल कक्ष के बाहर एक घंटे तक हंगामा किया। प्रिंसिपल डॉ. डीके शितोले ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब वे शांत हुए। प्रिंसिपल ने कंपू थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है।
छात्र विवेक सूर्यवंशी ने प्रिंसिपल को बताया कि दोपहर दो बजे कांट्रेक्ट ऑफ लॉ की क्लास शुरू होने से पहले सीनियर छात्र संतोष पाठक, केके तिवारी, विशाल सेठिया, रोहित गुर्जर, अभिनव चौधरी व अन्य क्लास में आ गए और छात्राओं के नाम, पता व
मोबाइल नंबर पूछने लगे। इस बात का उसने विरोध किया तो वे उसे पकड़कर क्लास से बाहर ले गए।
इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान सीनियर्स ने छात्र-छात्राओं के ऊपर फावड़े से हमला किया लेकिन सभी जूनियर फावड़े के वार से बच गए। वहीं बीए एलएलबी पहले सेमेस्टर के छात्र अमरीश का कहना था कि उसने जब विवेक को बचाने का प्रयास किया तो सीनियर्स ने उसे भी पीट दिया। सीनियर्स ने फावड़े से वार कर ब्लैक बोर्ड भी तोड़ दिया है। जूनियर्स को न्याय दिलाने के लिए एडवोकेट विभाेर साहू व आशीष सिंह भी पहुंच गए।