पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुनीता की हिम्मत से हारे बदमाश, बदमाश भी गिरे पर नहीं छोड़ा बैग

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. बैग छीनकर भागने की कोशिश कर रहे दो लुटेरे एक महिला की हिम्मत के सामने पस्त हो गए। बैग का एक सिरा लुटेरों के हाथों में था तो दूसरा महिला के हाथ में। काफी जोर आजमाइश के बाद भी महिला ने बैग नहीं छोड़ा।
बाइक सवार लुटेरे संभल नहीं पाए और गिर पड़े। इसके बाद राहगीर और पुलिसकर्मी पहुंच गए। इन्होंने बदमाशों को पकड़ लिया। दोनों बदमाश मुरैना के रहने वाले हैं। फिलहाल इनका पुराना अापराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस मुरैना से भी इनके बारे में जानकारी जुटा रही है।

हजीरा के न्यू नरसिंग नगर में रहने वाली सुनीता कोली बिड़ला हॉस्पिटल मेें नर्सिंग असिस्टेंट हैं। बुधवार शाम लगभग 7.30 बजे वे अस्पताल के गार्ड सरनाम सिंह के साथ साइकिल पर बैठकर अपने घर जा रही थीं। वे बिरला नगर पुल के पास दुर्गादास प्रतिमा के नजदीक पहुंचीं, तभी बगल से बाइक सवार दाे युवक निकले और बैग पर झपट्टा मारा। लेकिन सुनीता ने बैग नहीं छोड़ा।
बैग की छीना-झपटी में सुनीता व गार्ड सरनाम सिंह साइकिल से गिर गए और लुटेरे भी। सुनीता ने शोर मचाया तो लोग एकत्र हो गए। तभी यहां से जा रहे सिपाही दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों बदमाशों को पकड़कर हजीरा पुलिस के हवाले कर दिया। बैग की छीना झपटी में गार्ड सरनाम सिंह घायल हो गए, जबकि महिला को मामूली चोट लगी है। वहीं बदमाशों को भी हल्की चोट आई है।
पहली बार लूट की कोशिश की और पकड़े गए दोनों बदमाश
दोनों बदमाशों ने अपने नाम एंदल सिंह गुर्जर निवासी रिठौरा और दीपक गुर्जर निवासी नूराबाद बताए। बदमाशों का कहना था कि वे पहली बार वारदात करने आए थे और पहली बार में ही पकड़े गए। टीआई हजीरा जेपी भट्ट का कहना है कि दोनों का अापराधिक रिकॉर्ड ढूंढा जा रहा है। अभी इनके नाम पर पुरानी वारदात नहीं मिली है।