(जयारोग्य अस्पताल का स्वाइन फ्लू वार्ड)
ग्वालियर। स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब उन क्षेत्रों में हेल्थ कैंप आयोजित करेगा,जिस क्षेत्र में स्वाइन फ्लू पीड़ित मरीज मिले हैं। इसके अलावा पिछड़ी बस्तियों में भी हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे। पहला कैंप न्यू संजय नगर में 10 फरवरी को लगया जाएगा।
अंचल में इन दिनों स्वाइन फ्लू अपना असर दिखा रहा है। सीएमएचओ ग्वालियर द्वारा डीआरडीई में अब तक 19 सैंपलों की जांच कराई है,जिसमें से सात को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। इसमें पांच ग्वालियर के हैं ,जिसमें एक की मौत हो चुकी है। स्वाइन फ्लू पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीएमएचओ डॉ. अनूप कम्ठान ने स्वाइन फ्लू पीड़ित मरीजों के क्षेत्रों में हेल्थ कैंप लगाने का निर्णय लिया है। डॉ. कम्ठान ने बताया कि मंगलवार को न्यू संजय नगर में तथा बुधवार को निबुआपुरा क्षेत्र में हेल्थ कैंप लगाया जाएगा।
संदिग्ध मरीजों की सोमवार को आएगी रिपोर्ट
एक जूनियर डॉक्टर को स्वाइन फ्लू पाॅजिटिव होने के बाद जूनियर डॉक्टरों में डर व्याप्त है। सुमन के इलाज में लगे तीन और जूनियर डॉक्टरों ने अपने सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इसके अलावा तीन सैंपल बिड़ला हॉस्पिटल से भेजे गए हैं। इन सैंपलों की जांच सोमवार को आएगी।
जयारोग्य अस्पताल में स्वाइन फ्लू के अलग से ओपीडी
स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जेएएच की अोपीडी के कमरा नंबर नौ में कोल्ड क्लीनिक चलाई जाएगी। इस क्लीनिक में मेडिसिन, ईएनटी और पीडियाट्रिक के डॉक्टर सुबह नौ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक बैठेंगे। क्लीनिक सोमवार से ही शुरू होगी। इसमें सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीजों का इलाज किया जाएगा। जीआरएमसी के डीन डॉ.जीएस पटेल ने कहा है कि सोमवार से स्वाइन फ्लू की विशेष अोपीडी शुरू हो जाएगी।
काजल को किया डिस्चार्ज
स्वाइन फ्लू पीड़ित काजल की हालत में बहुत सुधार है। रविवार को बिड़ला हॉस्पिटल के मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. जय माथुर ने उसका चेकअप करने के बाद डिस्चार्ज कर दिया। काजल तो तीन बाद फिर रुटीन चेकअप के लिए बुलाया है। उधर जेएएच के स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती सुमन की हालत में भी सुधार है।