पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • The Trade Fair Will Be Inaugurated Tomorrow

अधूरी तैयारियों के बीच कल होगा व्यापार मेले का उद्धाटन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले का उद्घाटन 16 दिसंबर को हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे। लेकिन 14 दिसंबर तक यहां के किसी भी सेक्टर का काम पूरा नहीं हो सका है। न तो झूला सेक्टर में सभी झूले लग पाए हैं और न ही इलेक्ट्रॉनिक शोरूम और दुकानें तैयार हो सकी हैं। ऐसे में उद्घाटन के बाद यहां आने वाले सैलानी क्या खरीदेंगे और क्या देखेंगे। शोरूम अौर दुकानों के संचालकों का कहना है 20-22 दिसंबर से पहले वे अपने प्रतिष्ठान शुरू करने की स्थिति में नहीं हैं।
ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ भले ही 16 दिसंबर को कर दिया जाएगा। लेकिन एक दिन में (15 दिसंबर को) यहां किसी भी हालत में दुकानें और शोरूम तैयार नहीं हो सकेंगे। रविवार को मेले की स्थिति यह थी कि यहां आधे क्षेत्र में भी दुकानें नहीं लग पायी थीं। मेले के सभी सेक्टर खाली हैं। कई स्थानों पर तो बिजली की व्यवस्था तक नहीं है। इस कारण रात में कारीगरों को काम करने में परेशानी हो रही है। प्रदर्शनी सेक्टर में भी कोई प्रदर्शनी नहीं लगाई जा सकी है।
झूला सेक्टर शुरू होने में लगेंगे पांच दिन
शनिवार को हुई बारिश के बाद झूला सेक्टर में काम शुरू नहीं हो सका। यहां पर चारों ओर कीचड़ होने से रविवार को भी काम प्रभावित रहा। यहां भी बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में काम नहीं हो पा रहा है। झूला सेक्टर शुरू होने में चार से पांच दिन लग सकते हैं।

इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में तेजी से काम
मेले में इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में ही शोरूम बनाने का काम तेजी से चल रहा है। लेकिन यहां पर भी 16 दिसंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद नहीं है। मेले के लगेज, फर्नीचर, रेडीमेड, कश्मीरी, खानपान आदि सेक्टरों में भी धीमी गति से काम चल रहा है।
सैलानियों को रेसकोर्स रोड पर नहीं पंचम सिंह मार्ग पर उतारेंगे वाहन
मेले के दौरान इस बार सवारी वाहन सैलानियों को रेसकोर्स रोड पर मेला परिसर के सामने नहीं उतार सकेंगे। सवारी वाहनों को राजा पंचम सिंह मार्ग पर हस्तशिल्प मेले तक जाना होगा और वहीं सैलानी उतर सकेंगे। यह निर्णय रविवार को पुलिस अफसरों ने मेला और आसपास के मार्गों का निरीक्षण करने के बाद लिया। इसके लिए रेसकोर्स रोड व पंचम सिंह मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे।
अभी मौसम अनुकूल नहीं
^आधे-अधूरे मेले का शुभारंभ किया जा रहा है यह शासन की मर्जी है। बारिश के कारण झूला सेक्टर में पानी भरा हुआ है। दुकानें लग नहीं पाईं। शाेरूम भी तैयार नहीं हो पाए। आखिरकार इसका नुकसान तो व्यापारी को ही उठाना पड़ेगा।
महेश मुदगल, सचिव, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ
बाहरी व्यापारियों को नुकसान का डर
मेले के प्रति इस बार बाहरी व्यापारियों का मोहभंग हो रहा है। बताया जा रहा है कि नुकसान के डर से बाहरी व्यापारी मेले में दुकानें लगाने के इच्छुक नहीं हंै। यही कारण है कि उद्घाटन के दो दिन पहले तक दुकानें नहीं लग पायी हैं।
सोलंकी करेंगे मेले का शुभारंभ
मेले का शुभारंभ 16 दिसंबर को एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर में दोपहर ढाई बजे किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद प्रभात झा, चिकित्सा मंत्री नरोत्तम मिश्रा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री माया सिंह, महापौर समीक्षा गुप्ता, नवनिर्वाचित महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, सांसद अनूप मिश्रा, डॉ. भागीरथ प्रसाद, विधायक नारायण सिंह कुशवाह, जयभान सिंह पवैया, भारत कुशवाह और घनश्याम पिरोनिया होंगे।