पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्मार्ट प्लानिग से बनेगी स्मार्ट सिटी, रोड से हटें ठेले, बंद हो रात में पानी की सप्लाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्वालियर. शहर की सड़कों पर किसी भी तरह के व्यवसाय की अनुमति न दी जाए। रोड पर खड़े ठेले ट्रैफिक में बाधा बन रहे हैं। शिंदे की छावनी से रामदास घाटी तक फल और सब्जी के ठेलों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। यह हालत तब है जब किले पर जाने वाले पर्यटकों के लिए यह एकमात्र रास्ता है। हर स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया। दो साल पहले प्रशासन ने यहां रोड के दोनों ओर की संपत्तियां तोड़ी थीं, लेकिन उसका लाभ ट्रैफिक को नहीं मिला बल्कि रोड पर खड़े होने वाले ठेला व्यवसायियों की संख्या आैर बढ़ गई। इस समस्या का सामना वार्ड नंबर 33, 34, 35 और 36 में रहने वाले लोगों को रोजाना करना पड़ रहा है।

यह बात स्मार्ट वार्ड-स्मार्ट सिटी अिभयान के तहत रामबाग कॉलोनी में रविवार को आयोजित रूबरू कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने कही। वार्ड 36 के लोगों की एक और खास समस्या यह है कि उनके क्षेत्र में सुबह पानी की सप्लाई नहीं होती। आधी रात के बाद नल आते हैं। कड़ाके की सर्दी में भी इस क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग रातभर जागकर पानी भरते हैं। इससे उनकी सुरक्षा का भी संकट पैदा हो गया है।
विकास के लिए सबकी भागीदारी जरूरी: महापौर
महापौर समीक्षा गुप्ता ने कहा कि स्मार्ट सिटी की अवधारणा तभी मूर्तरूप ले सकती है, जब इसके लिए हम और आप सभी मिलकर प्रयास करें। सभी क्षेत्रों में कुछ न कुछ समस्याएं ऐसी हैं, जिन्हें क्षेत्र के निवासी अपनी सक्रियता से निपटा सकते हैं। लेकिन इसके लिए भी हम पार्षद और प्रशासन का इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और कचरे के ढेर जैसी बहुत सी समस्याएं हम खुद पैदा करते हैं। इसका मतलब ये नहीं है कि नगर निगम के सब काम बहुत अच्छे से चल रहे हैं।
निगम की व्यवस्थाओं में भी खामियां हैं, लेकिन उन्हें दूर करने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। शहर और आबादी का विस्तार लगातार होता जा रहा है, लेकिन उसके अनुरूप हमारा बजट नहीं बढ़ा है। प्रॉपर्टी टैक्स और नल का बिल लोग यदि समय पर जमा करते हैं, तो निश्चित उनका भी विकास में बड़ा योगदान रहता है। रूबरू कार्यक्रम के माध्यम से हमें काफी महत्वपूर्ण सुझाव मिल रहे हैं, जो विकास योजनाओं में शामिल किए जाएंगे। साथ ही आपने क्षेत्र की जो समस्याएं बताई, उनका निराकरण भी शीघ्रता से किया जाएगा।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें