ग्वालियर. महानगर में आबादी बढ़ने के साथ सीवर, पानी और बिजली की समस्याएं भी बढ़ी हैं। आबादी बढ़ेगी तो काम भी बढ़ेगा। काम करने वालों को हमेशा जीवित रहना चाहिए। मैं किसी भी भूमिका में रहूं लेकिन ग्वालियर को कभी अपनी आंखों से ओझल नहीं होने दूंगा। यह बात केंद्रीय इस्पात मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को नादरिया की माता मंदिर क्षेत्र में कही। उन्होंने इस अवसर पर वार्ड 52 में 10.25 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण एवं एक करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
श्री तोमर ने कहा कि महानगर के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार भरपूर मदद करेगी। पिछले दस साल में शहर में सड़क, पानी की समस्या का समाधान करने के लिए काफी काम हुए हैं। दक्षिण क्षेत्र में तिघरा का पानी नहीं मिलता था। टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई होती थी। लेकिन तिघरा रोड पर नया प्लांट बनाया गया। दक्षिण क्षेत्र में पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया। लेकिन अभी कुछ जगह समस्या है। इसका निराकरण होगा। क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि डांग वाले बाबा क्षेत्र में पानी की टंकी बनाई गई। लेकिन अभी भी कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां टैंकरो से भी पानी नहीं मिल पा रहा है।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम पिरोनिया, सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन, विवेक शेजवलकर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, राकेश जादौन, पार्षद सतीश बौहरे, सुरजीत सिंह भदौरिया, आकाश भदौरिया आदि मौजूद थे। वहीं केंद्रीय मंत्री तोमर ने मुरार केंटोनमेंट क्षेत्र में 80 लाख की लागत से डाली जाने वाली चार किमी लंबी सीवर लाइन के लिए भूमिपूजन किया। यह पहला मौका है जब प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र के लिए राशि मुहैया कराई है। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।
(वार्ड 52 में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर।)