ग्वालियर. माधौगंज के लाला का बाजार में पैदल देवर के साथ जा रही सराफा कारोबारी की पत्नी का पर्स बाइक सवार बदमाश झपट्टा मार कर छीन ले गया। पर्स में सोने की दो अंगूठियां, चांदी की दो अंगूठी, एक चेन,
मोबाइल फोन और पांच सौ रुपए थे। पुलिस ने बाइक और हुलिए के आधार पर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है। वारदात शनिवार शाम लगभग पांच बजे की है।
लाला का बाजार में रहने वाले सराफा कारोबारी राकेश
सोनी की पत्नी बबली देवर पिंकी
सोनी के साथ जटार साहब की गली में रहने वाली ननद के घर जा रही थीं। वे घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर गाढ़वे की गोठ के पास ही पहुंची थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारा और पर्स छीनकर भाग गया।
बबली ने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हो गए लेकिन तब तक बदमाश भाग चुका था। सूचना मिलते ही टीआई माधौगंज संजीव नयन शर्मा मौके पर पहुंच गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बदमाश की बाइक का अधूरा नंबर एमई 9091 बताया।
पुलिस ने इस नंबर के आधार पर बदमाश की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वारदात के बाद बबली घबरा गईं, जिसकी वजह से उन्हें वापस घर ले जाना पड़ा, हालत में सुधार होने के बाद पुलिस ने इनसे बातचीत की। बबली ने बताया कि लुटेरे ने हेलमेट पहन रखा था।