पेशी पर आए बदमाश के पास दिखा संदिग्ध, पिस्टल तानी
कोर्ट परिसर के बाहर की घटना
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
कोर्ट परिसर के बाहर शुक्रवार दोपहर पेशी पर आए कुख्यात बदमाश दीपक बाबा के नजदीक एक संदिग्ध युवक के दिखने पर एसआई ने पिस्टल तान दी। इससे घबराए युवक ने दौड़ लगा दी। पुलिस ने भी पीछा किया। इससे हड़कंप मच गया। युवक को पकड़कर पूछताछ की तो वह दीपक के गुट का ही निकला। इसके बाद उसे छोड़ दिया।
पुलिस लाइन के एसआई विजय सिंह रघुवंशी ने बताया दोपहर 3.30 बजे दीपक को विशेष न्यायाधीश रामेश्वर कोठे की अदालत में पेशी के लिए लाए थे। उस पर सूरज बिल्ले की हत्या का केस चल रहा है। दीपक ने सूरज की हत्या करीब तीन महीने पहले सुपारी लेकर की थी। शुक्रवार को पेशी के बाद उसे पैदल जेल ले जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक पीछा करने लगा। उसे पुलिसकर्मियों ने दो बार रोका लेकिन वह नहीं माना और दीपक बाबा के नजदीक आ गया, इससे साथ चल रहे पुलिसकर्मी घबरा गए। कहीं युवक फिर से दीपक पर हमला ना कर दे इससे बचने के लिए पिस्टल निकालनी पड़ी। जैसे ही युवक पर पिस्टल तानी उसने दौड़ लगा दी। थोड़ी ही दूरी पर युवक पकड़ा गया। पूछताछ की तो पता चला युवक दीपक का परिचित थ। इसलिए उसे छोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शी अधिवक्ता राजीव दुबे ने बताया युवक के पीछे पुलिस को पिस्टल लेकर भागते देख लोग सहम से गए। एसआई रघुवंशी वही हैं जो 30 जनवरी को दीपक बाबा को सिवनीमालवा से पेशी कराकर ला रहे थे जेल गेट पर तब सन्नी बिल्ले ने दीपक पर गोली चला दी थी। हालांकि दीपक बच निकला था। सन्नी ने बुधवार को ही सरेंडर किया है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया था। जहां से वह पांच दिन के पुलिस रिमांड पर है। गौरतलब है कि दीपक बाबा ने 6 सितंबर 2015 को कुख्यात बदमाश सूरज बिल्ले की हत्या की थी। इसके अलावा उस पर 15 से भी ज्यादा मामले चल रहे हैं।
सन्नी से पूछताछ में पहले दिन कुछ नहीं निकला
दीपक बाबा पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार सन्नी बिल्ले से रिमांड के पहले दिन पुलिस कुछ नहीं उगलवा पाई है। सन्नी 15 फरवरी तक रिमांड पर है। पुलिस को उससे देशी तमंचा जब्त करना है। इसी तमंचे से उसने दीपक पर 30 जनवरी को फायर किया था। हालांकि गोली दीपक को नहीं लगी थी।