बिना काम के मौज करने वाले दो पार्सल पोर्टरों का तबादला
दैनिक भास्कर ने उठाया था मुद्दा
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
बिना काम के मौज करने वाले दो पार्सल पोर्टलों का रेलवे ने तबादला कर दिया है। एक बुकिंग क्लर्क का भी तबादला हुआ है। रेल मंडल भोपाल ने यह कार्रवाई दैनिक भास्कर में 30 जनवरी को डिप्टी एसएस और पाइंट्समैन की कमी दूसरे विभागों में बिना काम के मौज कर रहे कर्मचारी शीर्षक से प्रकाशित समाचार के बाद की है।
भास्कर ने बताया था कि स्टेशन पर पार्सल सुविधा सालों से बंद है। उसके बावजूद अमला पदस्थ है। जबकि परिचालन विभाग में जरूरत के बावजूद डिप्टी एसएस व पाइंट्समैन की कमी है। पार्सल विभाग के पोर्टरों से दूसरी सेवाएं भी नहीं ली जा रही हैं। जिससे रेलवे को हर महीने नुकसान हो रहा है। जिस पर संज्ञान लेते हुए रेलवे ने एक पार्सल पोर्टर को गुना और दूसरे को हरदा भेज दिया है।
बुकिंग क्लर्क का भी तबादला
बुकिंग क्लर्क प्रभात सिंह का भी ट्रांसफर हुआ है यह ट्रांसफर सामान्य कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बुकिंग क्लर्क ने अभी दूसरी जगह ज्वाइन नहीं किया है।
परिचालन विभाग में अभी भी कमी
परिचालन विभाग में अभी भी डिप्टी एसएस और पाइंट्समैन की कमी है। रेलवे ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। हालांकि सूत्रों की माने तो रेलवे जल्द ही स्टेशन पर खाली पाइंट्समैन व डिप्टी एसएस के पदों पर नियुक्ति कर सकती है इसके लिए मंडल स्तर पर कार्रवाई चल रही है।
उम्मीद से कम मिल रहा राजस्व
दूसरे स्टेशनों की तुलना में होशंगाबाद स्टेशन से रेलवे को कम राजस्व मिल रहा है जबकि यात्री ट्रेनों का उतना ही स्टॉपेज है जितना दूसरे स्टेशनों पर है। रेलवे के कमर्शियल डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया बीते कई सालों से रेलवे को दूसरे स्टेशनों की तुलना में यहां से बहुत ही कम राजस्व मिल रहा है, रेलवे की विंग इसका आकलन कर चुकी है।
अभी और होगा फेरबदल
स्टेशन पर कुछ अधिकारियों के बीच सामंजस्य नहीं बैठ रहा है। जिसे लेकर मंडल स्तर पर शिकवा-शिकायतें हो रही हंै। इसमें से कुछ काम के हंै और कुछ रेलवे से मुफ्त में तनख्वाह ले रहे हंै। यह बात उच्चाधिकारियों को मालूम चल चुकी है। खुद मंडल रेल प्रबंधक यहां की व्यवस्थाओं से वाकिफ है पार्सल पोर्टरों के अलावा भी फेरबदल होंगे। परिचालन विभाग को छोड़कर दूसरे विभागों से कुछ रेल कर्मचारी, अधिकारियों की छुट्टी हो सकती है।