तीन कमरों में बैठते है 300 विद्यार्थी, आयुक्त के दौरे के बाद भी आज तक नहीं सुधरी व्यवस्था
होशंगाबाद| बाबई के मानागांव मिडिल स्कूल में तीन कमरों में 300 विद्यार्थी बैठते है। विद्यालय में कमरे पर्याप्त हैं। शिक्षक भी पूरे हैं फिर भी 300 विद्यार्थियों को 12 बाई 12 के तीन कमरों में ही बैठाया जा रहा है। यह गड़बड़ी करीब दो महीने पहले राज्य शिक्षा केंद्र के आयुक्त ने पकड़ी थी। शुक्रवार को जिला शिक्षा केंद्र की टीम दोबारा स्कूल में औचक निरीक्षण करने पहुंची तो यहीं गड़बड़ी फिर सामने आई। जबकि आयुक्त सेक्शन के हिसाब से विद्यार्थियों को बैठाने के निर्देश दे गए थे।
प्रधान पाठक को नोटिस, शिक्षकों से भी मांगेंगे जवाब
जिला शिक्षा केंद्र के सहायक परियोजना अधिकारी एनएस राजपूत व विनीत साहू ने बताया बच्चों को बैठाने में लापरवाही बरतने पर प्रधान पाठक दयाराम बछले को नोटिस देंगे। शिक्षकों से भी जवाब मांगे जाएंगे। कार्रवाई जिला परियोजना अधिकारी एसएस पटेल करेंगे।
यह मिली लापरवाही
सहायक परियोजना अधिकारी एसएस ठाकुर ने बताया कैशबुक अप्रैल 2015 से नहीं लिखी गई। डेली डायरी अपडेट नहीं मिली। मासिक मूल्यांकन अंक परीक्षाफल पंजी में दर्ज नहीं थे।