धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, नर्मदा महिमा बताई
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
श्रीमद भागवत पुराण में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शुक्रवार को मनाया गया। मालाखेड़ी और बुधवाड़ा गांव में कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मना। जन्मोत्सव के दौरान श्रीकृष्ण को पालने में लोगों ने झुलाया। इसी तरह नर्मदा मंदिर में नर्मदा पुराण में नर्मदा की महिमा का बखान किया गया।
मालाखेड़ी में व्यासगादी से पं. आशीष दुबे ने कहा भगवान ने भक्तों के लिए ही जन्म लिया है। श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से हमें प्रति पल सीखने को मिलता है। कथा के दौरान बालक संकल्प तिवारी को श्रीकृष्ण का स्वरूप दिया गया। इस दौरान पालने में उसे झुलाने श्रद्धालु पहुंचे। बुधवाड़ा में कथा में भी व्यासगादी से रामाकांत व्यास ने श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाई। उन्होंने कहा श्रीकृष्ण ने जीवन के हर चरित्र से बहुत सीख दी है। वे पुत्र, भाई, दोस्त और पति के तौर पर शिक्षा देते हैं। दुष्टों को दंड और सज्जनों को प्रेम और सम्मान देने का संदेश कृष्ण के चिरत्र से मिलता है। जन्मोत्सव के दौरान यहां भी एक बालक को श्रीकृष्ण का स्वरूप दिया।
कथा से जुड़े गोपाल ठाकुर ने बताया देवनारायण जयंती के अवसर पर कथा हो रही है। कथा तीन दिन ओर चलेगी। इसके बाद भंडारा होगा। उन्होंने धर्मप्रेमियों से देवनारायण जयंती में शामिल होने का अनुरोध किया है। जयंती 14 फरवरी को मनेगी। नर्मदा जयंती महोत्सव के दौरान होशंगाबाद में सुभाष चौक स्थित श्री नर्मदा मंदिर में पुराण में नर्मदा की महिमा बताई गई। व्यासगादी से पं नरेश परसाई ने कहा नर्मदा दर्शन से पाप दूर होते हैं। उनके तट पर तप करने का विशेष महत्व है। नर्मदा की महिमा सभी नदियों में सबसे ज्यादा है। कथा दो दिन ओर चलेगी। कथा के समापन पर भंडारा होगा। व्यासगादी से पं पुष्कर परसाई प्रवचन दे रहे हैं। उन्होंने कहा जीवन को धर्म के काम में लगाना चाहिए।
होशंगाबाद| मालाखेड़ी में कृष्ण जन्म उत्सव में शामिल श्रद्धालु।