छात्रसंघ चुनाव शुरू व सेमेस्टर प्रणाली बंद कराने सड़क पर उतरेगी अभाविप: राजपूत
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
नए शिक्षा सत्र से कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर आंदोलन किया जाएगा। मार्च माह में ज्ञापन सौंपेंगे। परीक्षाएं खत्म होते ही आंदोलन तेज किया जाएगा। सेमेस्टर प्रणाली भी बंद कराई जाएगी। यह जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नर्मदापुरम् विभाग प्रमुख बसंत राजपूत व प्रांतीय सह मंत्री रोहित दुबे ने संयुक्त रूप से दी।
सेमेरिटंस स्कूल चौराहे स्थित गार्डन में मंगलवार को वे पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कॉलेजों में चुनाव नहीं होने से छात्रों में नेतृत्व क्षमता कम होती जा रही है। उन्हें आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल पा रहा है। इसलिए छात्रसंघ चुनाव शुरू कराने अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। कॉलेजों में सेमेस्टर प्रणाली के चलते अन्य गतिविधियां नहीं हो पातीं। वार्षिकोत्सव नहीं होने से खेलकूद भी नहीं हो पा रहे हैं। इससे छात्रों का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा हाल ही में ग्वालियर में हुए अभाविप के अधिवेशन में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसमें कर्ज में डूबे किसानों के बच्चों की परीक्षा फीस माफ कराना, किसानों का कर्ज माफ कराना, स्कूल-कॉलेजों में बेहतर शिक्षा पद्धित लाने सहित अन्य निर्णय शामिल हैं। इन पर अमल कराने सरकार से मांग की जाएगी। इसके लिए जिला मुख्यालयों पर जल्द ही ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अभाविप अपना वास्तविक स्वरूप खो रही है के सवाल पर नेताद्वय ने कहा ऐसी बात नहीं है। कॉलेजों में सभी पर नजर है और यदि कोई बात होती है तो तुरंत परिषद एक्शन लेती है। परिषद के विभाग संगठन मंत्री शिव पंडित के हटाए जाने को लेकर उन्होंने कहा पंडित दूसरी भूमिका में आएंगे। इसलिए उन्हें संगठन मंत्री पद से मुक्त किया है। होशंगाबाद में हाल ही में हुई घटना से उनका कोई लेना देना नहीं है। इस दौरान परिषद के जिला संयोजक नीरज तिवारी, एसएफडी सह प्रमुख विक्रम सूर्यवंशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
होशंगाबाद। पत्रकारों को जानकारी देते पदाधिकारी।