15 साल बाद नर्मदा जयंती की कमान जनभागीदारी समिति को
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
नर्मदा जयंती महोत्सव की कमान 15 साल बाद फिर जनभागीदारी समिति के हवाले हो गई। जयंती कार्यक्रम में प्रशासन और नगरपालिका की भूमिका इस बार सहयोगी की होगी। घाट की व्यवस्था नपा और प्रशासन के हवाले रहेगी लेकिन मॉनीटरिंग समिति करेगी। आय-व्यय का हिसाब-किताब भी समिति देखेगी। सोमवार को यह फैसला सर्वानुमति से लिया गया। सर्किट हाउस में हुई बैठक में प्रभारी मंत्री यशोधराराजे सिंधिया का शामिल होना था लेकिन वे नहीं आ सकी।
नर्मदा जयंती महोत्सव 30 साल पहले शुरू हुआ था। 1999 तक नर्मदा जयंती महोत्सव समिति ही कराती थी। जनभागीदारी से यह उत्सव मनाया जाता था। आर्थिक से लेकर हर तरह की मदद समिति अपने स्तर पर जुटाती थी। जयंती उत्सव की भव्यता को देखते हुए 1999 में उत्सव की कमान नगरपालिका और प्रशासन के जिम्मे आ गई। इससे जयंती महोत्सव का राजनीतिकरण हो गया। सत्ता जिसके पास रही समारोह में उसका ही आधिपत्य रहा। इस हस्तक्षेप को देखते हुए सोमवार को उत्सव जनभागीदारी समिति के हवाले करने का फैसला किया गया।
दो दिनी होगा उत्सव
नर्मदा जयंती महोत्सव दो दिनी होगा। 13 फरवरी की सुबह 9 बजे मंगलाचरण से शुरुआत होगी। नर्मदा अभिषेक, नर्मदाष्टक व भजन होंगे। शाम महाआरती होगी। 14 फरवरी को मुख्य कार्यक्रम होगा। सेठानीघाट पर होने वाले कार्यक्रम में जलमंच से अभिषेक किया जाएगा। अतिथि अभी तय नहीं हैं। दो दिन में नाम तय होंगे। सीएम के आने की संभावना अब कम हो गई है।
रामजी मेले पर चर्चा नहीं
बैठक में रामजीबाबा मेले की तैयारियों पर चर्चा होनी थी पर चर्चा नहीं हो सकी। नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, विस अध्यक्ष सीतासरन शर्मा, विधायक विजयपाल सिंह, खनिज निगम अध्यक्ष शिव चौबे, मप्र वेयर हाउसिंग कारपोरेशन अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, कलेक्टर संकेत भोंडवे, एसपी आशुतोष प्रताप सिंह, पं. गोपाल खड्डर ने नर्मदा जयंती पर ही चर्चा की।
जलमंच 12 फरवरी तक तैयार हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग व मुंबई की मरीन कंपनी बनाएगी। जलमंच पर प्रवेश प्रशासन तय करेगा। इसके लिए पास जारी होंगे।
पहली बार लेजर शो होगा। आतिशबाजी भी होगी। नर्मदा में शाम के समय एक साथ 51 हजार से अधिक दीपक छोड़े जाएंगे। घाट पर डिस्पले बोर्ड लगाए जाएंगे।
नर्मदा जयंती महोत्सव समिति अध्यक्ष विस अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा होंगे। उन्होंने गिरिजाशंकर शर्मा को प्रतिनिधि बनाया है। वह व्यवस्थाएं देखेंगे।
होशंगाबाद| नर्मदा जयंती महोत्सव को लेकर हुई बैठक में मौजूद सदस्य।