पार्षद पति का आरोप गोली दागी, पुलिस ने किया इनकार
रात 12.30 बजे जिला अस्पताल के सामने से एक युवक हिरासत में
युवक की बाइक की सीट तोड़ी
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
भीलपुरा में सोमवार रात 10 बजे वार्ड नंबर 27 की पार्षद रंजना मांझी के पति अनिल मांझी को एक युवक को गाली देने से रोकना भारी पड़ा। अनिल मांझी का आरोप है गाली दे रहे युवक ने हवाई फायर किया और तमंचा तान दिया। हालांिक पुलिस को मौके से गोली का खोल नहीं मिला है। इसलिए गोली चलने की घटना संदिग्ध मानी जा रही है।
एसआई अशोक पांडे ने बताया भीलपुरा का शिवम मांझी शराब के नशे में मोहल्ले में हंगामा कर रहा था। वह पूरे मोहल्ले वाले को गालियां दे रहा था। अनिल मांझी ने शिवम को गाली देने से रोका तो वह गुस्सा हो गया और अनिल मांझी से भिड़ गया। दोनों में हाथापाई हो गई। इसी बीच शिवम का भाई लल्लू दराता लेकर आ गया। उसने अनिल मांझी पर दराते से हमले का प्रयास किया। बसंत मांझी ने बीच में आकर अनिल मांझी को बचाया। बसंत के हाथ में दराता लगा है। अनिल मांझी का अरोप है शिवम ने उस पर हवाई फायर किया। गोली पास में से निकल गई। तमंचा तानने का आरोप भी अनिल मांझी ने लगाया है। हालांकि एसआई अशोक पांडे ने हवाई फायर और तमंचा तानने की बात से इनकार किया है। पुलिस मारपीट का प्रकरण दर्ज कर रही है।
होशंगाबाद| शिवम को पकड़कर लाते पुलिसकर्मी।
गांजे की पुड़िया रखी
शिवम को जिस वक्त पकड़ा गया। उस वक्त अनिल मांझी के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए थे। इसी बीच किसी ने शिवम की बाइक की सीट तोड़ दी और उसमें गांजे की पुड़िया रख दी। बाइक इसी हालत में थाने में भेज दी गई। एसआई अशोक पांडे ने बताया आरोपी की सीट कैसे टूटी और उसमें गांजे की पुड़िया किसने रखी इसकी जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
लॉज से पकड़ा शिवम को
हंगामे के बाद शिवम मौके से भाग निकला और जिला अस्पताल के सामने पहुंच गया। इस बात की जानकारी जब पुलिस को लगी तो वह मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर शिवम ने दौड़ लगा दी और एक लॉज में जाकर छिप गया। एसआई अनूप उइके, आरक्षक रूपसिंह और चेतन ने लॉज में घुसकर शिवम को पकड़ लिया। और थाने ले आए। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।