जननी एक्सप्रेस में प्रसूता को गिराने वाले ड्राइवर को हटाया
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
15 जनवरी की रात रसूलिया में जननी एक्सप्रेस को डिवाइडर पर चढ़ाकर प्रसूता को गिराने वाले ड्राइवर रमेश कुमार लौवंशी को आखिरकार सीएमएचओ डॉ. एएल मरावी ने हटाने के आदेश जारी कर दिए। ड्राइवर पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप था।
पिपलिया कला गांव की प्रसूता आरती प्रधान को सिवनी मालवा सीएचसी से रमेश लौवंशी जननी एक्सप्रेस वाहन क्रमांक एमपी 05 डीबी 0246 से जिला अस्पताल ला रहा था। सुबह करीब 4.20 बजे उसने वाहन को रसूलिया में फोरलेन के डिवाइडर पर चढ़ा दिया था। इससे आरती पेट के बल गिर गई थी। उतनी रात को ही उसे ऑटो से अस्पताल पहुंचाया। सुबह करीब 10.30 बजे उसने बच्चे को जन्म दिया। बाद में उसकी मौत हो गई थी। आरती का आरोप था कि एंबुलेंस में गिरने से पेट में चोट लगी और बच्चे को नुकसान पहुंचा। इसी कारण बच्चे की मौत हुई। आरती के पति धर्मेंद्र का आरोप था कि रमेश शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसने वाहन लाने से पहले विवाद किया था। रास्ते में कई जगह वाहन पलटते-पलटते बचा। ड्राइवर का कहना था कि उसने शराब नहीं पी थी। पहिया पंक्चर होने से गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ी थी। दैनिक भास्कर ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। हाल ही में सीएमएचओ डॉ. मरावी ने उसे हटाने के निर्देश दिए हैं। सिवनी मालवा बीएमओ डॉ. एके वर्मा ने बताया वाहन मालिक को ड्राइवर रमेश को हटाने का पत्र दे दिया है। हालांकि उसे अभी हटाया नहीं है। वाहन मालिक संदीप गौर ने बताया नोटिस मिल गया है। हमने ड्राइवर को एक महीने का समय दिया है। इसके बाद उसे हटा देंगे।