पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • जली दुकानों में फिर उठा धुआं, दूसरे दिन भी आग के कारणों का नहीं चला पता

जली दुकानों में फिर उठा धुआं, दूसरे दिन भी आग के कारणों का नहीं चला पता

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कल तक समानों से भरी दुकानें तीन घंटे में मलबे में बदल गई
गांधी स्टेडियम द्वारिकाधीश मंदिर के बीच राधाकृष्ण मार्केट में सोमवार शाम 5.45 बजे फिर धुआं उठने लगा। आग कहीं फिर न भड़के, इस खतरे को भांप कर तत्काल नपा की फायर ब्रिगेड से जली दुकानों पर पानी की बौछार की गई। आरआई व पटवारी ने स्थल पंचनामा बनाया। पुलिस ने भी पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज किए। फिलहाल आग लगने का कारण सामने नहीं आ सका है। सुबह विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा व सांसद उदयप्रताप सिंह दुकानदारों को कलेक्टर से बात करने की दिलासा देकर गए हैं। प्रशासन ने अभी कोई मुआवजा तय नहीं किया है। निरीक्षण में 8 दुकानें जली मिली। इनमें दो किराना दुकानें व तीन गोदाम साजवानी परिवार के हैं। बाकी तीन दुकानें चाय स्टाल, बैंड पार्टी और बंद पड़ी प्रिंटिंग प्रेस की है। तकरीबन 15 से 18 लाख रुपए के नुकसान का आकलन है। दुकानें जलने से धंधा चौपट हो गया है। यहां रोजाना वेतन पर काम करने वाले कर्मचारी भी बेरोजगार हो गए हैं। राधाकृष्ण मार्केट में रविवार-साेमवार की रात 2.30 बजे लगी आग में आठ दुकानें व गोदाम जले हैं। एक ही परिवार से नीलम टेकचंद साजवानी, रविंद्र कुमार, मंछाराम साजवानी, दौलतराम साजवानी व पूनम लीलाधर साजवानी हैं। इनके अलावा जयप्रकाश यादव की चाय की दुकान, दीपक बेलिया का नानक बैंड और शरद गुप्ता की ओल्ड गुप्ता प्रिंटिंग प्रेस है।

आधी रात को आग लगने की सूचना मिली थी। नगरपालिका की दो दमकलों ने आठ टैंकर पानी डाल आग बुझाई। होशंगाबाद की फायर ब्रिगेड आ गई थीं। करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया सुरेश दुबे, सीएमओ इटारसी

सर्वे के लिए आरआई व पटवारी की टीम भेजी थी। पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज किए। पंचनामा बनाया। थाने से एफआईआर की कॉपी नहीं मिल पाई। अगली कार्रवाई मंगलवार को की जाएगी। आरके पटेल, तहसीलदार, इटारसी

आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दुकानों का बीमा था या नहीं इसका पता लगाया जा रहा है। पीड़ितों को तात्कालिक राहत देने की घोषणा नहीं हुई है। एसके पटले, एसडीएम इटारसी

चाय की दुकान पर निर्भर था परिवार
खेड़ा क्षेत्र निवासी जयप्रकाश यादव चाय दुकान चलाते थे। यही आजीविका का साधन था। दुकान में रखा रेफ्रिजरेटर, कोल्ड ड्रिंक्स फ्रिजर, पंखे जल गए। कोयला भट़्टी होने से दुकान में गैस सिलेंडर नहीं था। जय ने बताया, एक लाख का नुकसान हुआ है। बीमा नहीं था। दो सौ रुपए रोज पर कर्मचारी विजय काम करता था। वह भी बेरोजगार हो गया है।

साजवानी परिवार सकते में
सूरजगंज के साजवानी परिवार की दो किराना दुकानें व तीन गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गए। 12 से 15 लाख रुपए नुकसान का अनुमान है। रोजाना दुकान की गद्दी पर बैठकर कारोबार करने वाले टेकचंद साजवानी सोमवार शाम खाक हो चुकी दुकान के सामने सड़क पर हाथ बांधे खड़े थे। रोज डेढ़ सौ रुपए पाने वाले दुकान के दो कर्मचारियों पथरौटा निवासी विनोद व सुरेंद्र की छुट्टी कर दी गई है। सामने ही दौलतराम साजवानी की किराना दुकान बच गई, लेकिन उनके गोदाम में रखा माल जलने और पानी की बौछार से नष्ट हो गया।

इटारसी| राधाकृष्ण बाजार में आग लगने से 8 दुकान-गोदाम जलीं। सोमवार को घटनास्थल पर फैला मलबा।

नानक बैंड की शादियों में बुकिंग थी
दीवान कॉलोनी निवासी नानक बैंड के दीपक बेलिया ने बताया लाख रुपए कीमत का बैंड का पूरा सामान जल गया। शादियों के आठ-दस आर्डर ले रखे थे। 10 फरवरी को पथरौटा में माता पूजन में बैंड बजाने जाना था। इसी हफ्ते मेहरागांव में बारात लगानी थी। एक प्रोग्राम मैरिज हॉल का था। बेलिया ने बताया, 4 से 7 हजार रुपए के आर्डर थे जो कैंसिल नहीं कर सकते। बैंड उधार लेकर काम चलाना पड़ेगा। इन पर कोई लोन या बीमा नहीं नहीं था।

खबरें और भी हैं...